इजरायल भेजने का झांसा देकर चार लाख की ठगी, फर्जी वीजा थमाने के आरोप में गोपालगंज से पिता-पुत्र पर केस

विदेश भेजने के नाम पर ठगी का एक नया मामला सामने आया है. युवक से 4 लाख रुपये लेकर फर्जी वीज़ा थमा दिया गया. पैसे मांगने पर धमकी भी दी गई.

Gopalganj News : विदेश भेजने के नाम पर ठगी का एक नया मामला सामने आया है. जगतौली ओपी क्षेत्र में इजरायल भेजने का झांसा देकर एक युवक से चार लाख रुपये लेने और फर्जी वीजा थमाने के आरोप में पिता-पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.

अलग-अलग खातों में तीन लाख और एक लाख नकद देने का आरोप

पीड़ित प्रमोद कुमार सिंह (38), पिता राधा सिंह, भवानी छापर, जिला देवरिया, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं. प्राथमिकी में उन्होंने बताया है कि विदेश जाने के नाम पर पियरौटा गांव निवासी रमाकान्त राम को उनके विभिन्न बैंक खातों में तीन लाख रुपये दिये थे. इसके अलावा रमाकान्त राम के बेटे विशाल राम को एक लाख रुपये नकद देने का आरोप है.

चार लाख रुपये लेने के बाद दिया फर्जी वीजा

पीड़ित का आरोप है कि कुल चार लाख रुपये लेने के बाद आरोपितों ने उन्हें इजरायल का वीजा दिया. बाद में जांच कराने पर वीजा फर्जी होने की जानकारी मिली. इसके बाद उन्होंने आरोपितों से अपने रुपये वापस मांगे, लेकिन रुपये लौटाने से इनकार कर दिया गया.

पैसे मांगने पर धमकी देने का आरोप

प्रमोद कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपितों ने उन्हें झूठे मुकदमे और हरिजन एक्ट में फंसाने की धमकी दी. उनका यह भी आरोप है कि पैसे मांगने के लिए आरोपितों के दरवाजे पर जाने पर उनके साथ मारपीट करने के लिए दौड़ाया जाता है. मामले को लेकर पूर्व में कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका.

शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज

लगातार विवाद के बाद पीड़ित ने जगतौली ओपी प्रभारी को लिखित शिकायत दी. आवेदन के आधार पर भोरे थाने में कांड संख्या 417/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुरेश राय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >