Gopalganj News : प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास प्लस 2024 सर्वे में शामिल परिवारों की प्राथमिकता सूची को अब ग्राम सभा से अनुमोदित कराया जायेगा. इसको लेकर सोमवार को मांझा प्रखंड कार्यालय के सभागार में बीडीओ वैभव शुक्ला की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में प्रखंड क्षेत्र के सभी मुखिया, पंचायत सचिव और आवास सहायकों ने भाग लिया.
ग्राम सभा से होगा प्राथमिकता सूची का अनुमोदन
बैठक में बीडीओ ने आवास प्लस 2024 सर्वे के माध्यम से चिह्नित परिवारों की प्राथमिकता सूची तैयार करने और उसे ग्राम सभा से अनुमोदित कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी. उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित कर्मियों को सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया संपन्न कराने का निर्देश दिया.
पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने पर जोर
बीडीओ ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य आवासविहीन और जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है. इसलिए प्राथमिकता सूची तैयार करते समय पात्र परिवारों का विशेष ध्यान रखा जाये. किसी अपात्र परिवार का नाम सूची में शामिल नहीं हो और कोई पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे.
पारदर्शिता के साथ सूची तैयार करने का निर्देश
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर तैयार प्राथमिकता सूची को ग्राम सभा के समक्ष रखा जायेगा. ग्राम सभा में नियमानुसार सूची का सत्यापन और अनुमोदन कराया जायेगा. पंचायत सचिव और आवास सहायक पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करेंगे.
वास्तविक लाभुकों तक पहुंचे योजना का लाभ
बीडीओ ने सूची तैयार करने में पारदर्शिता और निष्पक्षता बरतने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि आवास योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंद और पात्र लाभुकों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. बैठक में योजना से जुड़े अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा की गयी.
