सिधवलिया : नितेश क्या जानता था, कि जिस बहन के हाथ पीले करने के लिए वह दिन रात एक कर तैयारियों में जुटा है उस बहन को डोली में बैठाने के पहले ही काल उसे बहन से छीन लेगा. जिस बहन का शनिवार को तिलक जाना है, तिलक में चढ़ाने के लिए उसने अपनी पसंद से फर्नीचर से लेकर एक-एक सामग्री खरीदी थी.
लेकिन काल उससे बहन का तिलक चढ़ाने का मौका भी छीन लिया. जो घर आज कई दिनों से मंगल गीतों से गुलजार था, वहां आज सिर्फ चीत्कार ही चीत्कार है. मामला सिधवलिया थाने के बुचेया कली टोला का है, जहां के पारस सिंह की पुत्री गुड्डी कुमारी की शादी नौ जून को होनी थी. तिलक समारोह तीन जून को था. उसी क्रम में तैयारी में लगा उसका भाई (16) नितेश कुमार सिंह बहन के तिलक में चढ़ाने के लिए सामान खरीद कर पिकअप वैन पर लाद कर जा रहा था.
वह पिकअप वैन के पीछे सामान की सुरक्षा के लिए बैठा था. तभी बुचेया कली टोला गांव में रामायण सिंह के घर के समीप लटक रहे 440 वोल्ट के तार की चपेट में आकर गंभीर तरह झुलस गया. आनन-फानन में परिजन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये, जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी.उसकी मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया. बहन और मां के करुण क्रंदन ने तो पूरे गांव की आंखों को नम कर दिया.
