चापाकल में करेंट दौड़ने से हुई मौत, बिना पोस्टमार्टम शव ले गये परिजन
महम्मदपुर : महम्मदपुर थाना क्षेत्र के बसंत छपरा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में ढलाई का काम करने पहुंचे मजदूर की करेंट से मौत हो गयी. सोमवार की देर रात चापाकल में करेंट प्रवाह होने से यह हादसा हुआ.
मृतक मजदूर हाजीपुर के टाउन थाना क्षेत्र के गोखुलपुर गांव निवासी दीपक दास बताया गया. हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पॉलिटेक्निक कॉलेज की ढलाई का काम चल रहा था जिसमें दीपक दास नामक मजदूर काम करने के बाद सोने जाने से पहले हाथ-पैर धोने चापाकल पर पहुंचा था. चापाकल में पहले से करेंट प्रवाह था. चापाकल छूते ही दीपक दास करेंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गयी.
इधर, महम्मदपुर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर परिजनों को घटना की जानकारी दी. मंगलवार की सुबह थाना पर पहुंचे परिजन बिना पोस्टमार्टम कराये शव को अपने साथ लेकर गये. पुलिस का कहना है कि मामले में परिजनों की ओर से किसी तरह की शिकायत नहीं की गयी है, जिसके कारण शव को सौंप दिया गया.
