सदर अस्पताल में मारपीट के बाद पहुंची पुलिस ने की जांच
गोपालगंज : सदर अस्पताल परिसर में सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब इलाज कराने पहुंची पांच महिलाओं ने मारपीट शुरू कर दी. अस्पताल कैंटीन के समीप गिरे रुपये को लेकर महिलाओं के बीच पहले तू-तू मैं-मैं हुई.
इसके बाद सड़क पर ही मारपीट शुरू हो गयी. महिलाओं के बीच हुई मारपीट की सूचना पर पुलिस पहुंची. पुलिस ने मामले की जांच करते हुए महिलाओं को समझा कर शांत करा दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो सौ रुपये अस्पताल परिसर में गिरा हुआ था. इलाज कराने आयी मांझा की महिला ने पैसे को अपना बताते हुए उठा लिया. इसके बाद दूसरी महिला ने पैसे को अपना बताते हुए मारपीट शुरू कर दी. इस मामले में किसी भी पक्ष से थाने में लिखित शिकायत नहीं की गयी है.
