नग बेचने का करते थे कार्य, पटना के हैं तीनों संदिग्ध
भोरे : भोरे में शुक्रवार को पुलिस ने लोगों की सूचना पर तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया. हालांकि घंटों पूछताछ के बाद पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों का कोई प्रमाण नहीं मिला. इसके बाद शनिवार को पुलिस ने तीनों को थाने से छोड़ दिया. वैसे इस पूरे प्रकरण को लेकर भोरे में दो दिन तक अफवाहों का बाजार काफी गर्म रहा. बता दें कि शुक्रवार को थाना क्षेत्र के कुर्थिया गांव में तीन संदिग्ध लोगों को घूमते देखा गया था. तीनों की वेश-भूषा अलग होने के कारण लोगों ने तीनों को पकड़ पूछताछ करनी शुरू कर दी. संदेह बढ़ने पर लोगों ने मामले की जानकारी भोरे थाने को दी. मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को हिरासत में लेकर थाने ले आयी.
उसके बाद पुलिस ने पूछताछ शुरू की, तो पूरा मामला सामने आया कि तीनों भोरे के खजुरहां में अस्थायी रूप से रह कर घूम-घूम कर नग बेचने का काम करते थे. तीनों की पहचान पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के बारा मुसेहरी गांव निवासी विनोद राठौर, रंजीत राठौर और अशोक लाल राठौर के रूप में की गयी. उन्होंने बताया कि वे शहरों में अंगुठी में नग लगाने का काम करते हैं. लेकिन लोगों को उनके पहनावे को लेकर शक हो गया. पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों को थाने से छोड़ दिया.
