लापरवाही . स्वास्थ्य के प्रति चेतना जगी, तो नहीं मिल रहा संसाधन
वर्तमान में स्वास्थ्य के प्रति लोगों में चेतना जगी है, तो शहर में न पार्क मिल रहा है न व्यायामशाला. शहर इन सुविधाओं से विहीन है. बुजुर्ग सड़कों पर मॉर्निंग वाक का शौक पूरा कर लेते हैं.
गोपालगंज : व्यायाम वर्तमान में लोगों की जरूरत बनती जा रही है, लेकिन आखिर लोग व्यायाम करे तो कहां. कोई पार्क है और न ही व्यायामशाला. अबतक न तो नगर पर्षद ने इसकी व्यवस्था की है और न जिला प्रशासन. ऐसे में बुजुर्ग जहां सड़कों पर टहलने की जरूरत पूरा कर लेते हैं, वहीं युवा खेल मैदान में व्यायाम कर लेते हैं. गौरतलब है कि प्रतिदिन शहर में पांच हजार से अधिक युवा-बुजुर्ग सुबह टहलते हैं.
छाड़ी नदी के किनारे बनेगा पार्क : नप : नगर पर्षद शहर में पार्क बनाने की तैयारी में है. उपमुख्य पार्षद हरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि छाड़ी नदी की सफाई कर तट के दोनों ओर पार्क बनाये जाने की योजना है. इसके अलावा शहर में तीन पार्क बनाये जाने हैं. जिसके लिए जगह की तलाश जारी है.
