आज हाइकोर्ट में फिर होनी है मामले की सुनवाई
गोपालगंज : मौनिया चौक पर सब जज वन तथा पुलिस के साथ हुई झड़प की घटना में पटना हाइकोर्ट में सोमवार को फिर सुनवाई होनी है. पटना हाइकोर्ट के निर्णय पर पुलिस प्रशासन और न्यायालय कर्मियों तथा वकीलों की नजर टिकी हुई है. हाइकोर्ट के निर्देश पर सरकार ने मुजफ्फरपुर के आयुक्त अतुल कुमार जो सारण के भी प्रभार में थे को जांच कर पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की थी. आयुक्त ने शुक्रवार की देर शाम गोपालगंज पहुंच कर पूरे मामले की जांच की. जांच के क्रम में पुलिस प्रशासन की तरफ से इस कांड में वायरल हुए वीडियो आयुक्त को सौंपा गया,
जिसमें पुलिसकर्मियों को सब जज वन प्रभुनाथ प्रसाद एवं कुछ न्यायालय के कर्मी और वकील दौड़ा कर पीटते हुए दिख रहे हैं. हालांकि प्रशासन को मौनिया चौक पर पुलिस और सब जज के साथ हुए तू- तू मैं-मैं और पीटे जाने के फुटेज नहीं मिल पाये हैं. उधर आयुक्त प्रशासन की तरफ से उनके पक्ष को सुनने के बाद सब जज के पक्ष को नहीं सुन पाये. इस बीच सारण में आयुक्त भी बदल गये. अब नये आयुक्त नर्वदेश्वर लाल बनाये गये हैं. कहा तो यह भी जा रहा है
कि कहीं आयुक्त के बदले जाने से जांच में विलंब न हो जाये. कोर्ट में दो दिनों के आंदोलन के बाद शनिवार को न्यायालय कर्मियों का तेवर इसलिए ठंडा पड़ा कि सरकार के स्तर पर उच्चस्तरीय जांच करायी जा रही है. इस मामले की सुनवाई हाइकोर्ट खुद कर रहा है.
