गैस अनुदान से लेकर फसल क्षति तक का नहीं होगा भुगतान
गोपालगंज : अब आधार कार्ड से आपका बैंक खाता नहीं जुड़ा, तो आप सभी तरह के सरकारी लाभों से वंचित रह जायेंगे. उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक के द्वारा बिजनेस क्रास्पोंडेंट की बैठक हजियापुर रोड स्थित विवाह भवन में आयोजित की गयी. बैठक को संबोधित करते हुए बैक के वित्तीय सलाहकार अजीत कुमार राय ने कहा कि अब सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए सभी खाताधारियों को अपना बैंक खाता आधार नंबर से लिंंक कराना होगा.
आधार नंबर से बैंक खाता जुड़ने के बाद ही खाताधारियों को फसल क्षतिपूर्ति, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, इंदिरा आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, गैस अनुदान का लाभ लेने के लिए बैंक खाते को आधार नंबर से जोड़ना होगा, तभी इस योजना का लाभ मिल सकता है अन्यथा लाभ से वंचित होना पड़ेगा.
उन्होंने कहा कि 30 जून तक हर हाल में सभी खाताधारियों का आधार नंबर खाता से जोड़ दिया जाये. ग्राहकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने सुनहरा सपना केंद्रों पर हुई तकनीकी गड़बड़ी से ग्राहकों की असुविधा के लिए खेद प्रकट किया. उन्होंने कहा की शीघ्र ही गड़बड़ी को दुरुस्त ग्राहकों को बेहतर सुविधा दी जायेगी. इस अवसर पर बैंक के नोडल अधिकारी सुधांशु कुमार व अभिनव कुमार उपस्थित थे .
