गोपालगंज : विधानसभा चुनाव से पहले पर्व-त्योहार पुलिस के लिए अग्निपरीक्षा जैसे हैं. इस महीने के आखिरी हफ्ते में दुर्गापूजा व मुहर्रम के त्योहार हैं.
चुनावी मौसम में आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाये रखने के मकसद से पुलिस प्रशासन को हर कदम सावधानी से उठाने की जरूरत है. एसपी निताशा गुड़िया ने इस सिलसिले में तमाम अफसरों को त्योहारों के मद्देनजर शांति व सौहार्द बनाये रखने के लिए जरूरी हर कदम समय रहते उठाने के निर्देश दिये हैं.
एसपी ने कहा है कि चिंता की कोई बात नहीं है. जिला पुलिस बल के साथ ही चुनावी फोर्स मंगा लिये गये हैं. शांति व्यवस्था के लिए अर्धसैनिकों बलों का भी उपयोग किया जायेगा. पुलिस सूत्रों ने कहा दुर्गापूजा के पंडाल व मुहर्रम के ताजिया जुलूस के लिस लाइसेंस अनिवार्य है.
त्योहार के दौरान लाउडस्पीकर बजाने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी की अनुमति जरूरी है. डीजे व सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाने के लिए हर तरफ से मांग उठ रही है. पूजा समितियों और मुहर्रम कमेटियों के साथ अलग-अलग नीचे से ऊपर के स्तर पर बैठकें होंगी. उन सभी के विचारों और सुझावों पर गौर करने के बाद ही कोई निर्णय लिया जायेगा.
हर बात की सूक्ष्म मॉनीटरिंग की जायेगी. एसडीओ के मार्गदर्शन में ही कोई कदम उठाया जा सकेगा. मुहर्रम कमेटी व पूजा समिति के लाइसेंसधारियों के अलावा 10 लोगों की सूची देनी पड़ेगी. इनकी थानावार मीटिंग की जायेगी. पूजा समितियों के लिए रात दस बजे के बाद लाउडस्पीकर बजाने पर प्रतिबंध रहेगा. दुर्गापूजा के दूसरे दिन यानी दशमी को हर हाल में प्रतिमाओं का विसर्जन करना होगा.
