गोपालगंज : छपरा स्थित बाल सुधार गृह से पेशी के लिए गोपालगंज किशोर न्यायालय में लाये गये तीन किशोर कैदी सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर भाग निकले, जिससे किशोर न्यायालय परिसर में अफरा -तफरी मच गयी. घटना के बाद फरार कैदियों की तलाश में पुलिस छापेमारी में जुट गयी है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि किशोर न्यायालय में पेशी के लिए लाये गये जादोपुर थाना कांड संख्या 3/15 के अभियुक्त मो हाशिम के पुत्र सिराजुल हक उर्फ पिंटू को बाइक चोरी के साथ जादोपुर के थानाध्यक्ष अमित कुमार ने उसके घर उचकागांव में छापेमारी कर गिरफ्तार किया था. जबकि फुलवरिया पुलिस ने कांड संख्या-158/14 के अभियुक्त पीयूष कुमार सिंह तथा भोरे थाना क्षेत्र के नया गांव के प्रभु कमकर की हत्या के आरोपित विनय कमकर को लेकर छपरा बाल सुधार गृह से हवलदार नवल किशोर सिन्हा गोपालगंज पहुंचे थे.
एक हवलदार के होने का फायदा तीनों किशोर कैदियों ने उठाया और पेशी के तत्काल बाद भागने मंे सफल रहे. हवलदार ने बाल सुधार गृह के अधीक्षक को लिखित शिकायत भेजा है. हालांकि समाचार लिखे जाने तक गोपालगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी गयी थी. उधर, पुलिस कप्तान अनिल कुमार सिंह से जब इस मामले में संपर्क किया गया, तो पुलिस के अधिकारी मामले की जांच में जुट गये. पुलिस कप्तान ने संबंधित सभी थानेदारों को इन कैदियों के भागने की सूचना देते हुए उनकी गिरफ्तारी के लिए निर्देश दिया है.
