गोपालगंज. विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, भयमुक्त और स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है. पिछले 24 घंटे में जिले में दो बड़ी कार्रवाई हुई है, जिसमें लगभग 24 लाख रुपये नकद जब्त किया गया है. बैकुंठपुर में राजापट्टी कोठी के पास से उड़नदस्ता दंडाधिकारी गौतम कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम के अधिकारियों ने 15 लाख रुपये नकद कार से जब्त किया. जबकि डुमरिया घाट के पास एसएसटी तीन लाख 18500 रुपये को जब्त किया. उसी प्रकार भोरे में एसएसटी की टीम ने 4.44 लाख रुपये जब्त किया गया है. राशि जब्त होने के साथ सीजर भी उनको दिया गया है. नकद राशि का प्रूफ नहीं दिये, तो त्वरित कार्रवाई करते हुए आयकर विभाग को आगे की जांच के लिए सौंपा जायेगा. इसकी पुष्टि करते हुए व्यय लेखा कोषांग के नोडल पदाधिकारी प्रशांत कुमार झा ने बताया कि सभी जब्त सामग्रियों की सूची तैयार की जा रही है और उनकी विस्तृत जांच भी चल रही है. जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निगरानी के लिए 18 फ्लाइंग स्क्वायड टीम और 18 स्टैटिक सर्विलांस टीम को तैनात किया गया है. सामान्य प्रेक्षक और व्यय प्रेक्षक द्वारा लगातार विभिन्न चेकपोस्ट पर औचक निरीक्षण किया जा रहा है. प्रत्येक वाहन जांच की वीडियोग्राफी भी करायी जा रही है. चुनाव के दौरान मतदाताओं को कोई प्रलोभन ना दे सके, इसके लिए हाइअलर्ट मोड़ में कार्रवाई की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
