आइये करें योग, रहें निरोग

जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंडों में आयोजित होंगे योग शिविर, तैयारियां हुईं पूरी कुचायकोट में आयुष मंत्रालय व स्वास्थ्य जागरूकता मिशन के तहत लगेगा शिविर गोपालगंज : आइये करें योग, रहें निरोग. योग से ही शरीर स्वस्थ रह सकता है. ऐसे ही संदेश की धारा जिले में गुरुवार को बहेगी. 21 जून को विश्व योग […]

जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंडों में आयोजित होंगे योग शिविर, तैयारियां हुईं पूरी

कुचायकोट में आयुष मंत्रालय व स्वास्थ्य जागरूकता मिशन के तहत लगेगा शिविर
गोपालगंज : आइये करें योग, रहें निरोग. योग से ही शरीर स्वस्थ रह सकता है. ऐसे ही संदेश की धारा जिले में गुरुवार को बहेगी. 21 जून को विश्व योग दिवस पर जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड मुख्यालयों व पंचायतों में योग शिविर का आयोजन किया जायेगा. इस योग शिविर में बच्चे, नौजवान व युवा से लेकर बुजुर्ग तक शामिल होंगे और योग कर शरीर को स्वस्थ रखने का प्रयास करेंगे. जिले में दो जगहों पर योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम होगा. कुचायकोट प्रखंड मुख्यालय में आयुष मंत्रालय भारत सरकार व स्वास्थ्य जागरूकता मिशन पटना के तत्वावधान में योग शिविर का आयोजन किया जायेगा. वहीं, शहर के आशीर्वाद वाटिका मैरेज हॉल में पतंजलि द्वारा योग शिविर लगाया जायेगा. जबकि, शिक्षा विभाग द्वारा जिला व प्रखंड मुख्यालय में स्थित हाईस्कूलों के खेल मैदान में योग शिविर का आयोजन किया जायेगा.
योग के रंग में रंगा बाजार
गोपालगंज : ऋषि मुनियों की साधना और स्वस्थ जीवन के आधार का माध्यम योग अब तेज गति से बढ़ने वाला कारोबार भी बन गया है. योग से जुड़े उत्पाद इन दिनों बाजार में छाये हुए हैं. योग के साथ ही आयुर्वेद और खादी जैसे देसी उत्पाद का भी क्रेज बढ़ गया है. योग के प्रति लोगों का क्रेज बढ़ने के साथ ही योग एसेसरीज का बाजार भी विस्तार ले रहा है. योग एसेसरीज के विक्रेता सरिता अग्रवाल ने बताया कि गोपालगंज में योग एसेसरीज का बड़ा बाजार नहीं है. योग करने वालों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है. यहां तो मांग के अनुरूप योग के लिए चटाई से लेकर जूते, सीडी, डीवीडी, बैंड, किताबों की भी मांग बढ़ी है.
आशीर्वाद वाटिका में पतंजलि लगाया शिविर
विश्व योग दिवस पर पतंजलि द्वारा योग शिविर का आयोजन गुरुवार की सुबह पांच बजे से किया जायेगा. इससे पहले बुधवार को शिविर में बच्चों से कार्यक्रम का पूर्वाभ्यास पतंजलि कोर ग्रुप द्वारा कराकर चयनित किया जायेगा. साथ ही पतंजलि परिवार की बैठक हुई, जिसमें पतंजलि योग समिति के अध्यक्ष सत्येंद्र तिवारी, भारत स्वाभिमान न्यास के संयोजक प्रो रवि रंजन कुमार, किसान पंचायत के प्रभारी विनय कुशवाहा, युवा भारत के विजय शर्मा, पतंजलि महिला प्रभारी गीता कुमारी, प्रमंडलीय प्रभारी माधव अग्रवाल, कार्यालय प्रभारी राजेश श्रीवास्तव, मारगेस मिश्रा, चंचल वर्णवाल, डॉ बीके गुप्ता व विनीत शर्मा आदि को विशेष जिम्मेदारी दी गयी.
कुचायकोट पहुंचेंगे हजारों लोग
विश्व योग दिवस पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से हजारों की तादाद में लोग गुरुवार को कुचायकोट पहुंचेंगे. प्रखंड मुख्यालय स्थित खेल मैदान में योग शिविर का आयोजन किया जायेगा, जिसकी तैयारी अंतिम चरण में है. विश्व योग दिवस पर आयुष मंत्रालय भारत सरकार व स्वास्थ्य जागरूकता मिशन पटना के तत्वावधान में योग शिविर का आयोजन किया जायेगा. योग शिविर के प्रभारी संयोजक डॉक्टर श्रीप्रकाश वर्णवाल ने बताया कि बिहार में गोपालगंज जिले का चयन किया गया है. शिविर में जिले के प्रभारी मंत्री सह स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, स्थानीय विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय, जिला पर्षद अध्यक्ष मुकेश कुमार पांडेय, विधान पार्षद आदित्य नारायण पांडेय, आयुष मंत्रालय के डॉ अजय प्रकाश आदि शामिल होंगे. उन्होंने बताया कि योग दिवस के दिन बेहतर प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया जायेगा. चयनित लोगों को सम्मानपत्र भी दिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >