फिल्मी स्टाइल में अंधाधुंध फायरिंग कर हो गये फरार
गोपालगंज : उचकागांव थाना क्षेत्र की बलेसरा पंचासत के मुखिया महात्तम चौधरी के पूरे परिवार को खात्मा करने की मंशा लेकर अपराधी पहुंचे थे. दरवाजे पर मुखिया को देखते ही फिल्मी स्टाइल में अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. गोलीबारी में मुखिया को चार गोली लगने की बात बतायी गयी, जबकि मुखिया के पुत्र सत्येंद्र यादव की मौत हो गयी. वहीं, मुखिया की पत्नी प्रभावती देवी व छोटे पुत्र नागेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मुखिया व इनकी पत्नी तथा छोटे बेटे की हालत चिंताजनक बनी हुई है. उधर, अपराधियों की गोलीबारी के बाद पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है. घटनास्थल पर लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी गयी है. पुलिस ने हत्या में संलिप्त अपराधियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है. समाचार लिखे जाने तक तीनों घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई थी. किसी भी अपराधी की गिरफ्तारी होने की सूचना नहीं थी.
पेशेवर थे अपराधी, रेकी करने के बाद मारी गोली
पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों ने कहा कि अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की. पुलिस सूत्रों की मानें तो वारदात को अंजाम देनेवाले अपराधी पेशेवर थे. जिस तरह से रेकी करने के बाद फूल प्लानिंग कर वारदात को अंजाम दिया गया, इस तरह के अपराधी अक्सर पेशेवर ही होते हैं. जेल से बाहर निकले अपराधियों के अलावा मुखिया से किन-किन लोगों से पुरानी दुश्मनी थी. इस बिंदु पर भी पुलिस जांच कर रही है.
परिवार के चार सदस्यों को गोली लगने के कारण कोई भी स्पष्ट कुछ नहीं बता रहा था.
पूरी रात पुलिस करती रही छापेमारी
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राशिद जमा ने सभी थानों को अलर्ट कर दिया. एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराधियों की तलाश में छापेमारी की मॉनीटरिंग शुरू कर दी. पुलिस की अलग-अलग टीम विभिन्न इलाके में छापेमारी कर रही थी. पुलिस को हत्या में संलिप्त अपराधियों का देर रात तक सुराग नहीं मिल सका. समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले में कार्रवाई करने में जुटी रही.
आज आंदोलन करेगा मुखिया संघ
मुखिया संघ ने हत्या को लेकर कड़ी निंदा की है. हत्या को लेकर देर शाम तक जनप्रतिनिधियों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा. अस्पताल में पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने कहा कि हत्या को लेकर अविलंब कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन होगा. हालांकि पुलिस ने जनप्रतिनिधियों को समझा कर मामले को शांत करा दिया.
आज होगा पोस्टमार्टम
वारदात के बाद पुलिस शव को अपने कब्जे में नहीं ले पायी थी. पुलिस देर रात तक शव को अपने कब्जे में लेने के लिए प्रयास करती रही. पुलिस सूत्रों ने बताया कि बुधवार की सुबह में शव का पोस्टमार्टम कराया जायेगा. अस्पताल परिसर लोगों की भीड़ से भरी रही. वहीं परिजनों के आने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा.
