बैठक में गायब अधिकारियों से सर्वसम्मति से मांगी गयी स्पष्टीकरण
हथुआ : स्थानीय प्रखंड परिसर स्थिति कृषि भवन के सभागार में बीडीसी की बैठक प्रखंड प्रमुख सोनामती देवी की अध्यक्षता में हुई. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में एमएलसी आदित्य नारायण पांडेय थे. बैठक में उप प्रमुख विजय सिंह व बीडीओ राजेश कुमार, बिजली विभाग के जेई फिरोज अंसारी उपस्थिति थे. सदस्यों ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर बैठक को स्थगित करने की मांग पर अड़ गये. सदस्यों का कहना था कि आये दिन बीडीसी की बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी व प्रतिनिधि सूचना के बाद भी अनुपस्थित रहते हैं. जिससे सदस्यों की समस्या का समाधान नहीं हो पाता है. सदस्यों के हंगामा के बाद बीडीओ ने अनुपस्थित विभागों के अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटते हुए स्पष्टीकरण की मांग की है.
वहीं पंचायत समिति सदस्य रविकांत ने हथुआ बस पड़ाव एवं वहां बने शौचालय का अतिक्रमण हटाने का मुद्दा उठाया. बीडीसी सदस्य कामख्या नारायण भगत ने मार्च व अप्रैल माह में सड़ा हुआ चावल का आवंटन देकर बांटने पर नाराजगी जतायी. साथ ही प्रखंड के विद्यालय में 35 से 40 किलो चावल देकर 50 किलो पर हस्ताक्षर कराने का भी मुद्दा छाया रहा.
वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत सबेया में 117 गैस कनेक्शन देने तथा 103 कनेक्शन बांटने की मांग की गयी तथा राशन-केरोसिन कार्ड, जर्जर तार बदलने की मांग की गयी. मौके पर मुखिया रामाजी साह, अर्जुन यादव, शांता शाही, बीडीसी सदस्य संदीप पासवान, सत्येंद्र यादव, उषा देवी आदि थे.
