राजेंद्र नगर बस स्टैंड में 13 घंटे तक बेसुध पड़ा रहा युवक

गोपालगंज : समाज के प्रबुद्ध, बुद्धिजीवी व सामाजिक संगठनों के लोग और जनप्रतिनिधि समाज की सेवा व मानवता की खूब बातें करते हैं. वहीं, दूसरी तरफ इसी समाज के लोग किसी असहाय की सहायता के लिए आगे नहीं बढ़ते हैं. यही कारण है कि हमारा समाज एकजुट नहीं हो पाता है और इससे समाज की […]

गोपालगंज : समाज के प्रबुद्ध, बुद्धिजीवी व सामाजिक संगठनों के लोग और जनप्रतिनिधि समाज की सेवा व मानवता की खूब बातें करते हैं. वहीं, दूसरी तरफ इसी समाज के लोग किसी असहाय की सहायता के लिए आगे नहीं बढ़ते हैं. यही कारण है कि हमारा समाज एकजुट नहीं हो पाता है और इससे समाज की एक खराब तस्वीर सामने आती है.
जी हां, कुछ ऐसा ही एक दृश्य रविवार को देखने के लिए मिला. नशाखुरानी गिरोह का शिकार एक युवक करीब 13 घंटे तक शहर के राजेन्द्र बस स्टैंड में बेहोश पड़ा रहा और किसी ने उसे महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित सदर अस्पताल में पहुंचाने की पहल नहीं की. यहां मानवता शर्मसार होती रही और बेहोश युवक बस स्टैंड में ही पड़ा रहा. वहां से समाज के लगभग सभी वर्ग के लोग गुजरे , लेकिन किसी ने युवक की कोई मदद नहीं की. लोग उसे देखते रहे और वहां से आगे निकलते रहे. किसी ने भी उसे अस्पताल पहुंचाने की जहमत नहीं उठायी. यहां तक कि आंबेडकर चौक के पास तैनात ट्रैफिक पुलिस बल ने भी उसे अस्पताल पहुंचाना मुनासिब नहीं समझा.
देर से अस्पताल पहुंचने से हालत हुई गंभीर
नशीला पदार्थ खाने से बेहोश युवक के देर से अस्पताल पहुंचने से उसकी हालत गंभीर है. सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि उसे काफी देर पहले ही नशीला पदार्थ खिलाया गया है. उसे अस्पताल पहुंचाने में देरी की गयी है. अगर वह रात में ही यहां आ जाता तो अबतक होश में आ चुका होता. फिलहाल उसका इलाज जारी है.
क्या कहते हैं अधिकारी
सूचना के बाद नशाखुरानी गिरोह के शिकार हुए युवक को सदर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है. गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए रात में बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन एरिया में गश्त की जायेगी. पीड़ित को अगर कोई व्यक्ति अस्पताल पहुंचाता है तो पुलिस उस पर कोई कार्रवाई नहीं करेगी.
शनिवार की रात ही खिलाया गया नशा
सिधवलिया थाने के हसनपुर मठिया गांव के मौलेश्वर मांझी का पुत्र धीरज कुमार पूना में कारपेंटर का काम करता है. वहां से पैसा कमाकर वह ट्रेन से शनिवार को गोरखपुर पहुंचा. फिर गोरखपुर से बस पकड़कर शनिवार की रात 10 बजे के करीब वह गोपालगंज बस स्टैंड पहुंचा और परिजनों से बातचीत की. इसके बाद उससे परिजनों का संपर्क नहीं हो पाया. दूसरे दिन रविवार की सुबह 10 बजे किसी व्यक्ति ने नगर थाने की पुलिस को सूचना दी कि बस स्टैंड में एक युवक बेहोश पड़ा है. इस पर नगर थाने की पुलिस वहां पहुंची और बेहोश युवक को सदर अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों ने बताया कि उसे नशा खिलाया गया है.
वहीं , सदर अस्पताल पहुंचे पीड़ित के भाई दीपक मांझी ने बताया कि शनिवार की रात 10 बजे के बाद से भाई से संपर्क नहीं हो पाया.
उसे खोजते-खोजते यहां पहुंचा तो पता चला कि उसे नशाखुरानी गिरोह ने शिकार बना लिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >