सासामुसा पीएनबी डकैती कांड में मास्टरमाइंड पप्पू व मनीष धराये

गोपालगंज : कुचायकोट थाना क्षेत्र के सासामुसा बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक में दिनदहाड़े हुई डकैती की घटना में संलिप्त मास्टरमाइंड समेत दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार दोनों अपराधी जादोपुर थाना क्षेत्र के निरंजना गांव के निवासी पप्पू कुमार व मनीष कुमार शामिल हैं. इन अपराधियों के पास से दो पिस्तौल […]

गोपालगंज : कुचायकोट थाना क्षेत्र के सासामुसा बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक में दिनदहाड़े हुई डकैती की घटना में संलिप्त मास्टरमाइंड समेत दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार दोनों अपराधी जादोपुर थाना क्षेत्र के निरंजना गांव के निवासी पप्पू कुमार व मनीष कुमार शामिल हैं. इन अपराधियों के पास से दो पिस्तौल व एक रिवॉल्वर सहित 20 कारतूस बरामद किया गया है. पुलिस ने बैंक डकैती में इस्तेमाल की गयी बाइक को भी जब्त कर लिया है.
पुलिस अधीक्षक राशिद जमां ने रविवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि 30 दिसंबर, 2017 को सासामुसा स्थित पीएनबी बैंक में डकैती हुई थी. बैंक से अपराधियों से 8.62 लाख रुपये हथियार के बल पर लूट लिये थे. इस मामले में फरार दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी बरईपट्टी स्थित सारण बांध के समीप से की गयी. एसपी ने कहा कि बैंक डकैती में संलिप्त सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है. कार्रवाई में एएसपी नीरज कुमार, डीएसपी राजन वर्मा, टेक्निकल सेल के विकास कुमार, ब्रजेश कुमार, जादोपुर के थानाध्यक्ष रामसेवक रावत, आदि शामिल थे.
स्पीडी ट्रायल से दिलायी जायेगी सजा : एसपी : पुलिस अधीक्षक राशिद जमां ने कहा कि पीएनबीन बैंक डकैती कांड में संलिप्त सभी अपराधियों के विरुद्ध स्पीडी ट्रायल चलाया जायेगा. स्पीडी ट्रायल के जरिये जल्द ही कांड में संलिप्त अपराधियों को सजा दिलवायी जायेगी. एसपी ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध डिजिटल साक्ष्य मिला है जिसे कोर्ट में प्रस्तुत किया जायेगा.
आज डीआईजी करेंगे पुलिस टीम को सम्मानित : सारण के पुलिस उप महानिरीक्षक विजय वर्मा सोमवार को गोपालगंज आयेंगे. पीएनबी डकैती कांड में संलिप्त अपराधियों को गिरफ्तार करनेवाले पुलिस टीम को सम्मानित करेंगे.
डीआईजी समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में लंबित कांडों की समीक्षा भी करेंगे. डीआईजी के आगमन को लेकर तैयारी पूरी कर ली गयी है.
पांच अपराधियों को पूर्व में जेल भेज चुकी है पुलिस
पीएनबी डकैती कांड में कटेया थाना क्षेत्र के छितौना गांव के छोटेलाल साह, उत्तरप्रदेश के कुशीनगर जिले के हाटा थाना क्षेत्र के गिद्धा गांव के आदित्य पाण्डेय, मीरगंज थाना क्षेत्र के मीरगंज के पंकज पांडेय, तुलसियां गांव के रितेश तिवारी तथा नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 24 जगत नगर निवासी रामू कुमार को गिरफ्तार पुलिस जेल भेज चुकी है. तत्कालीन एसपी रविरंजन कुमार ने इन अपराधियों की गिरफ्तारी करने के साथ कैश भी बरामद किया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >