शिक्षा विभाग की डीएम ने की मासिक समीक्षा
शीघ्र पूरा करें भवन निर्माण का कार्य
गोपालगंज : शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा डीएम राहुल कुमार के द्वारा गुरुवार को किया गया. इस दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि डीपीओ, बीईओ व प्रखंड साधन सेवी रोस्टर बनाकर विद्यालयों की जांच करें. जिस किसी विद्यालय में मध्याह्न भोजन ठीक से संचालित नहीं हो रहा है. उन विद्यालयों के हेडमास्टरों पर कार्रवाई की जाये. रोस्टर बनाकर विद्यालयों की नियमित जांच से पठन पाठन से लेकर मध्याह्न भोजन योजना तक में सुधार आयेगी. वही सर्व शिक्षा अभियान के तहत विद्यालयों में बनने वाले अतिरिक्त वर्ग कक्ष का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करें. कनीय अभियंता के स्तर से निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के लिए पहल की जाये. वही राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के समीक्षा के क्रम में योजना की राशि को खर्च करने का निर्देश दिया गया,
जबकि कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय की नियमित अनुश्रवण किये जाने का निर्देश डीएम के द्वारा दिया गया, ताकि कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राएं सरकारी योजनाओं का भरपूर लाभ उठा सकें. वहीं उन्होंने डीपीओ स्थापना को निर्देश दिया कि मध्याह्न भोजन योजना में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर अधिकारियों की रिपोर्ट मिलने के साथ ही हेडमास्टर पर कार्रवाई की जाये. बैठक में मुख्य रूप से डीपीओ मध्याहन भोजन राघवेंद्र मणि त्रिपाठी, डीपीओ राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा सह साक्षरता धनंजय कुमार पासवान, बीईओ हरेंद्र दुबे, सहित शिक्षा विभाग के सभी अधिकारी मौजूद थे.
