सरपंच के घर वारदात पीछे के रास्ते से घर में घुसे थे चोर
भोरे : जगतौली पंचायत के सरपंच के घर से चोरों ने 64 हजार नकद सहित लगभग चार लाख रुपये मूल्य के जेवरात की चोरी कर ली. घर से चोरी गये बक्से को सरपंच के घर के पास से बरामद किया गया है. वहीं, घटनास्थल पर मिले एक शाल के कारण घटना में शामिल एक व्यक्ति की पहचान हो गयी है. इसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है. बताया जाता है कि जगतौली पंचायत की सरपंच व दयालछापर गांव की बेबी देवी सहित पूरे परिवार के सदस्य सोमवार की रात खाना खाकर सोये हुए थे.
इसी बीच रात में पीछे की खिड़की तोड़कर चोर घर के अंदर घुस गये और घर में रखे दो बक्सों को गायब कर दिया. बक्से में 64 हजार नकद एवं लगभग चार लाख रुपये के जेवर थे. बक्से को लेकर चोरों ने घर के पीछे बने एक खेत में ले जाकर तोड़ दिया और सारा सामान लेकर निकल गये. चोरी की जानकारी मिलने पर घरवालों ने शोर मचाया.
वहीं, ग्रामीणों ने खेत में पड़े बक्से को देख पुलिस को घटना की जानकरी दी. सरपंच के पति सोनू कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर एक शाल मिला है, जो उन्हीं के गांव के एक व्यक्ति का है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
