थावे (गोपालगंज) : मुंबई से आये उभरते हुए संगीतकार व प्लेबैक सिंगर सिद्धार्थ शंकर श्रीवास्तव व उनकी सहयोगी सह प्लेबैक सिंगर कंचन किरण मिश्रा ने शनिवार की शाम थावे महोत्सव में बॉलीवुड नाइट से दर्शकों को खूब झुमाया. इस युगलबंदी ने अपने कार्यक्रम की शुरुआत थावे माता के भजन तेरे दर पर आया हूं से की. इसके बाद देशभक्ति गीत ऐ मेरे प्यारे वतन की प्रस्तुति दी तो महफिल में तालियां गूंज उठी. वहीं, जब इन्होंने मशहूर फिल्मी गीत हम्मा-हम्मा, एक हो गये हम और तुम, गुलाबी आंखें जो तेरी देखीं, दिवाना ये दिल हो गया,
मोहब्बत बरसा देना तुम, झुमका गिरा रे, कजरा मोहब्बत वाला और परदेसिया ये सच है पिया मैंने तुझको दिल दे दिया की प्रस्तुति दी तो महफिल में बैठे सभी दर्शक झूमने लगे. यहां बता दें कि सिद्धार्थ शंकर श्रीवास्तव बॉलीवुड के उभरते संगीतकार व प्लेबैक सिंगर हैं. फिल्म मुक्ति के संगीत निर्देश के साथ टी सीरीज व जी म्यूजिक के कई संगीत एलबमों में बतौर संगीतकार व गायक के रूप में ये अपना योगदान कर चुके हैं. वहीं, दूसरी ओर प्रसिद्ध टीवी रियलिटी संगीत शो भारत की शान की टॉप कन्टेस्टेंट कंचन किरण मिश्रा ने बॉलीवुड की फिल्मों सहित कई म्यूजिक एलबमों में प्लेबैक गायन किया है.
