ज्यादातर एटीएम कैशलेस, पब्लिक होपलेस
गोपालगंज : कैश की कमी से सोमवार को अधिकतर एटीएम कैशलेस रहीं. कई एटीएम का चक्कर काटने के बाद भी कैश नहीं मिलने से लोग होपलेस की स्थिति में रहे. सबसे बुरा हाल ग्रामीण क्षेत्रों का रहा. कुचायकोट की अनुराधा कुमारी अपनी मां की इलाज कराने आयी थी. सात एटीएम घूमने के बाद थक-हार कर […]
गोपालगंज : कैश की कमी से सोमवार को अधिकतर एटीएम कैशलेस रहीं. कई एटीएम का चक्कर काटने के बाद भी कैश नहीं मिलने से लोग होपलेस की स्थिति में रहे. सबसे बुरा हाल ग्रामीण क्षेत्रों का रहा. कुचायकोट की अनुराधा कुमारी अपनी मां की इलाज कराने आयी थी. सात एटीएम घूमने के बाद थक-हार कर बिना इलाज कराये वापस लौटना पड़ा. बांसुरी वादक महर्षि अनिल शास्त्री ने कहा कि एटीएम का अब भरोसा नहीं रह गया है. पहले लोग जहां से चाहते थे एटीएम से रुपये निकाल लेते थे,
मगर अब कहां कैश मिलेगा, ये कोई नहीं जानता. भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा बैंकों को खर्च कम करने के निर्देश का असर एटीएम पर पड़ने लगा है. इसके बुरे दिन शुरू हो गये हैं. अधिकतर एटीएम बंद हो गयी हैं. अभी बैंकों ने इन्हें अघोषित रूप से बंद किया है. यह स्थिति नोटबंदी यानी आठ नवंबर, 2016 से ही है. आनेवाले दिनों में इसकी संख्या बढ़ सकती है. इससे ग्राहकों की पीड़ा बढ़ गयी है. वे कैश के लिए एक से दूसरे एटीएम का चक्कर काटने को विवश हैं. जो चालू हैं वहां भी अधिकांश में कैश नहीं का बोर्ड टंगा रहता है. इनमें डाला जाने वाला कैश लोगों की जरूरत को पूरा नहीं कर पा रहा है. बैंकों से जुड़ी एटीएम ही लोगों को थोड़ी राहत दे रही हैं. एजेंसी का बुरा हाल है. प्रभात खबर की टीम ने सोमवार को शहर के विभिन्न एटीएम की लाइव रिपोर्ट तैयार की.
अधिकतर बैंकों की एटीएम बंद : बंजारी में स्टेट बैंक, बीआईओ, मनी स्पोर्ट एटीएम, एचडीएफसी, आंध्रा बैंक, ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स, अस्थायी रूप से बंद है. केनरा बैंक, सेंट्रल बैंक, इलाहाबाद बैंक, एक्सिस बैंक, विजया बैंक, देना बैंक, इंडिसन ओवरसिज बैंक की एटीएम भी बंद पड़ी हैं. यही स्थित अधिकतर बैंकों की एटीएम की है.
50 से 60 तक सिमट सकती हैं एटीएम
एक एटीएम के संचालन पर 20-25 हजार रुपये महीने का खर्च आता है. इसे बचाने के लिए अधिकतर बैंक अपनी एटीएम बंद कर सकती हैं. इसे लेकर बैंकों ने प्रक्रिया भी शुरू कर दी है. जिले में विभिन्न बैंकों की करीब 200 एटीएम हैं. विशेषज्ञों की मानें, तो अगर यही स्थिति रही तो आनेवाले समय में यह संख्या 100-150 तक सिमट सकती है. बैंक कम हिट होनेवाली एटीएम को चिह्नित कर रहे हैं. बताते हैं कि 100 से कम हिट होनेवाली एटीएम को यह मानकर बंद किया जा सकता है कि ये लोगों के लिए अधिक उपयोगी नहीं हैं.
क्या कहते हैं अधिकारी
‘आरबीआई से कैश नहीं मिलने के कारण परेशानी है. ऊपर से बैंकों को खर्च में कटौती करने का निर्देश दिया है. सौ से कम हीट होनेवाली एटीएम बंद हो सकती हैं, मगर अबतक किसी बैंक ने एटीएम बंद करने की लिखित सूचना नहीं दी है.’
राजन कुमार, एलडीएम, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया.