गोपालगंज : चर्चित छात्र रिशु कुमार सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार को सनसनीखेज खुलासा किया है. जिस छात्र की हत्या हुई, उसका भी महिला के साथ अवैध संबंध था. मिंटू देवी के साथ धनंजय शर्मा और रिशु कुमार के बीच अवैध संबंध होने के बाद हत्या की घटना को अंजाम दिया गया. एसपी रविरंजन कुमार ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए सभी आरोपितों को गिरफ्तार करने का दावा किया है.
पुलिस ने मुख्य आरोपित धनंजय शर्मा, उनके भाई रमेश शर्मा, धनंजय की मां सुशीला देवी तथा नागेंद्र सिंह की पत्नी मिंटू देवी को गिरफ्तार करने के बाद कड़ी सुरक्षा में जेल भेज दिया. एसपी ने इस हत्याकांड में संलिप्त सभी आरोपितों पर स्पीडी ट्रायल चलाकर जल्द सजा दिलाने की बात कही है. एसपी ने बताया कि हत्याकांड की साजिश महिला ने ही रची थी. साजिश रचने के बाद अपने रिश्तेदार के यहां शादी में चली गयी थी, ताकि उसपर किसी का शक न हो. रिशु कुमार को धनंजय ने अपने घर पर फोन करके बुलाया था.
मिंटू से हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग सुनायी, इसके बाद पीछे से सिर पर हमला कर हत्या कर दी थी. इसके बाद घर के पीछे शव को दफनाने के बाद बदबू न आये, इसके लिए चुना का प्रयोग किया था. हत्या के बाद रिशु कुमार के मोबाइल को तोड़ दिया गया था. उसका सिमकार्ड प्रयोग कर पुलिस को चकमा देने का काम किया गया. धनंजय ने जिस सिमकार्ड से मैसेज परिजनों के पास किया था, उसके लिए मोबाइल सासामुसा से खरीदी थी. वारदात में इस्तेमाल सामान को पुलिस ने बरामद कर लिया है.
