विजयीपुर : पगरा सहडिगरी गांव में दो सप्ताह पूर्व गला रेतकर हुई सुनीता कुंवर की हत्या में राजनीतिक दल के लोगों के परिजनों से मिलने के बाद भी घटना का खुलासा नहीं हो सका. घटना के तीसरे दिन माले नेता जितेंद्र पासवान ने पहुंचकर पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली और एक सप्ताह के अंदर घटना का खुलासा होने और हत्यारों को नहीं पकड़ने पर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी.
वहीं, पांच दिन बाद भाजपा नेता एवं गोपालगंज एमएलसी आदित्य पांडेय भी मृतका के पुत्र प्रिंस उपाध्याय से मिलकर घटना की पूरी जानकारी ली थी. इसके बाद उन्होंने खुद एसपी से मोबाइल पर घटना की चर्चा की और अपराधियों को पकड़ने की बात कही. इस पर एसपी रविरंजन कुमार ने पांच दिनों के अंदर हत्या का खुलासा करने की बात कही थी. उन्होंने बताया था कि विजयीपुर पुलिस कांड में शामिल हत्यारों को जल्द ही पकड़ राज का खुलासा कर दिया जायेगा. इस घटना में पुलिस हर बिंदु पर कड़ी नजर रखते हुए अपना काम कर रही है.
