आठ चोरों को पकड़ने में जुटे आठ सब-इंस्पेक्टर
बाहर के थे अपराधी, गैस कटर लेकर आये थे साथ
गोपालगंज : शहर के डीएवी स्कूल के गेट पर एक्सिस बैंक की एटीएम को काटकर 12 लाख रुपये की चोरी की घटना में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं. पुलिस एक साथ सारण, वैशाली व मुजफ्फरपुर में ताबड़तोड़ छापेमारी में जुटी है. पुलिस की तीन टीमें अलग- अलग जगहों पर छापेमारी में जुटी है. एसडीपीओ मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम अपराधियों के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है. इसमें आठ सब-इंस्पेक्टरों के अलावा कुल 22 अधिकारी शामिल हैं. अब तक 16 ठिकानों पर छापेमारी की जा चुकी है. पुलिस पांच लोगों को पूछताछ के लिए उठायी है.
पुलिस सूत्रों की मानें तो एटीएम में चोरी करने वाला गैंग बाहर का है,
जो टाटा सूमो से पहुंचे थे. सूमो पर ही गैस कट्टर लेकर आये थे. बड़ी आसानी से वारदात को अंजाम देने के बाद चलते बने थे. सीसी टीवी में कैद हुए अपराधियों में आठ के शामिल होने की बात सामने आयी है. पुलिस को उम्मीद है कि बदमाश सारण, वैशाली व मुजफ्फरपुर के हो सकते हैं. उनके ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस के अधिकारी फिलहाल जुबान खोलने को तैयार नहीं हैं.
पुलिस को चकमा देकर घटना को दिया अंजाम
एटीएम को गैस कटर से सेफ काटने के बाद लॉकर से कैश निकाल लिया. इस दौरान पुलिस और आम लोगों की नजर नहीं पड़े इसके लिए कई अपराधी लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे. पुलिस सूत्रों का मानना है कि चकमा देने के लिए बंजारी के बंद पड़ी एटीएम में भी सेंध लगाने की कोशिश की.
एजेंसी संचालक भी रडार पर
एक्सिस बैंक की एटीएम से हुई सनसनीखेज वारदात ने बैंक प्रबंधन को सीधे-सीधे कठघरे में खड़ा कर दिया है. न के बराबर सुरक्षा इंतजाम के बावजूद एजेंसी ने एटीएम में कैश डाला था. इसके बाद शनिवार के रात को ही अपराधियों ने निशाना बनाया. जिस शातिराना अंदाज और सहूलियत से बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है, उससे शक की सूई कई तरफ घूम रही है. बड़ा सवाल है कि बदमाशों ने मजबूत रेकी कर ली थी या कोई बैंक कर्मी भी घटना में संलिप्त है, जिसने अंदर की भौगोलिक स्थिति पूरी तरह से समझा रखी थी. गौर करने लायक बात है कि शातिर चोरों ने एटीएम को ही निशाना बनाया. गैस कटर से ही किनारे से लॉकर को काट दिया और आराम से नकदी निकाल कर फरार हो गये.
पूरी रात गुलजार था स्टेशन रोड
अपराधियों ने पूरी तरह से रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया. स्टेशन रोड इन दिनों चीनी मिल चालू होने के कारण ट्रैक्टर, बैलगाड़ी व ट्रकों की कतार लगी रहती है. रात में भी सड़क गुलजार रहती है, फिर भी बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया. इसके बाद भी किसी की नजर इन पर कैसे नहीं पड़ी. पुलिस सीसी टीवी के रिकाॅर्ड को खंगाल रही है. अपराधियों ने सूमो को रोकने के बाद अंदर प्रवेश कर सीसी टीवी को ही क्षतिग्रस्त किया. काफी सजगता के साथ गये ताकि उनका चेहरा कैद न हो.
शहर से लेकर ग्रामीण इलाके की एटीएम की निगरानी का आदेश
एटीएम से हुई चोरी की घटना के बाद सुरक्षा को लेकर पुलिस महकमा चिंतित हो उठा है. पुलिस सजगता के साथ सभी एटीएम की सुरक्षा बढ़ा दी है. जिले के सभी थानेदारों को अलर्ट किया गया है. एसपी रविरंजन कुमार एटीएम से कैश चोरी की घटना का पर्दाफाश करने के लिए लगातार छापेमारी टीम की मॉनीटरिंग कर रहे हैं.
