पुलिस कस्टडी में पहुंचे आरोपित ने अस्पताल में की मां-बेटे की पिटाई

गोपालगंज : सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में सोमवार की रात उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब पुलिस कस्टडी में पहुंचे आरोपित ने मरीज की पिटाई कर दी. महिला और उसके बेटे की पिटाई करने के बाद आरोपित ने भागने की कोशिश भी की. हालांकि पुलिस ने आरोपित को पकड़ कर जेल भेजने की कार्रवाई […]

गोपालगंज : सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में सोमवार की रात उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब पुलिस कस्टडी में पहुंचे आरोपित ने मरीज की पिटाई कर दी. महिला और उसके बेटे की पिटाई करने के बाद आरोपित ने भागने की कोशिश भी की. हालांकि पुलिस ने आरोपित को पकड़ कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी.
नगर थाने के तिरविरवां गांव में डायन का आरोप लगाते हुए मां-बेटे की पिटाई की गयी थी. इसमें रमेश कुमार महतो को चाकू मारकर घायल कर दिया गया था. पुलिस ने इस मामले में कांड अंकित करने के बाद आरोपित अजय महतो को गिरफ्तार किया था.
गिरफ्तारी के बाद अजय की पहचान कराने के लिए पुलिस इमरजेंसी वार्ड में भर्ती पीड़ित के पास लेकर पहुंची. जहां आरोपित ने घायल महिला और उसके बेटे को देखते ही हमला बोल दिया. पुलिस कस्टडी से हाथ छुड़ा कर अस्पताल में पिटाई कर दी. पुलिस आरोपित को पकड़ पाती तब तक महिला जख्मी हो गयी.
घटना के बाद पुलिस ने अजय कुमार को तत्काल वहां से नगर थाना ले जाकर हाजत में बंद कर दिया. दूसरे दिन मंगलवार की सुबह नगर थाने की पुलिस इमरजेंसी वार्ड में पहुंची. पुलिस ने घटना की विस्तृत जानकारी पीड़ित परिजनों से ली. पूरे मामले में फर्दबयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपित को जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी. वहीं अस्पताल में हुए इस घटना से पीड़ित परिजन दहशत में हैं और अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
क्या है पूरा मामला : नगर थाना के तिरविरवां गांव में किराना दुकान पर सोमवार को डायन का आरोप लगाते हुए महिला की कुछ लोगों ने पिटाई की. मां की पिटाई करते देख बचाने पहुंचे पुत्र रमेश कुमार महतो को चाकू मारकर घायल कर दिया गया. घायल मां-बेटे को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां रात में दूसरी बार मारपीट की घटना हुई.
रात में गायब थी अस्पताल की सुरक्षा : घटना रात में करीब 11 बजे के आसपास की है. परिजनों के मुताबिक नगर थाना पुलिस आरोपित को लेकर सदर अस्पताल पहचान कराने के लिए पहुंची थी. उस समय इमरजेंसी वार्ड में तैनात सुरक्षा कर्मी गायब थे.
हो रही कार्रवाई : इंस्पेक्टर
नगर इंस्पेक्टर संजय कुमार ने कहा कि पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है. आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पहचान कराने के लिए पुलिस सदर अस्पताल गयी थी. किसी को कानून को अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >