गोपालगंज : जदयू नेता व बसपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी तेज प्रकाश उर्फ टीपी सिंह की हत्या मामले में एसआईटी ने तीसरे दिन एक और आरोपितों को गिरफ्तार किया. नगर थाने के हनुमानगढ़ी निवासी मिंटू श्रीवास्तव उर्फ विनय से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने रविवार को जेल भेज दिया. वहीं हत्याकांड में फरार 12 नामजद समेत अज्ञात आरोपितों की तलाश में एसआईटी छापेमारी कर रही है. पुलिस को अबतक की कार्रवाई में कांड में संलिप्त मुख्य आरोपितों का सुराग हाथ नहीं लगा है. पुलिस सूत्रों की मानें तो हत्याकांड की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी सोमवार को फरार आरोपितों पर वारंट के लिए न्यायालय में अर्जी दाखिल कर सकते हैं. वहीं घटना स्थल पर कैंप करने के लिए भेजे गये पुलिस बल को वापस बुला लिया गया है. गोपालपुर थाना क्षेत्र के गुलौरा निवासी टीपी सिंह की हत्या गत सात दिसंबर की रात नगर थाने के सरेया वार्ड संख्या तीन में गोली मारकर की गयी थी. पुलिस ने भूमि विवाद में हत्या किये जाने की आशंका जताते हुए पत्नी के बयान पर दूसरे दिन प्राथमिकी दर्ज की थी.
आरोपित के घर मिली लाइसेंसी पिस्टल : एसआईटी की छापेमारी में नामजद आरोपित के घर से लाइसेंसी पिस्टल मिली है. एसआईटी ने हथियार को जब्त कर लिया है.
वहीं आरोपित पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया था. छापेमारी में पहुंचे नगर इंस्पेक्टर ने बताया कि जादोपुर रोड में कई ठिकानों पर छापेमारी की गयी. जब्त हथियार से गोली चली थी या नहीं, इसके लिए फॉरेंसिक जांच के लिए बरामद हथियार को भेजा जा रहा है. यदि लाइसेंसी हथियार से फायरिंग की पुष्टि होगी तो लाइसेंस भी रद्द करने के लिए अनुशंसा की जायेगी. वहीं मृतक टीपी सिंह की पत्नी शांति कुंवर के बयान पर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी, जिसमें भीखू यादव, आनंदी पांडेय, नागेंद्र पंडित, बबलू यादव, राणा श्रीवास्तव, दीपू श्रीवास्तव, नारायण श्रीवास्तव, संतोष यादव, राम लाल यादव, दीनानाथ मांझी, अभय यादव व एक अन्य को नामजद किया गया है. इसके अलावा पुलिस को अज्ञात आरोपितों की तलाश है.
