एनआईए के हाथों गिरफ्तार कांग्रेसी नेता के पिता ने कहा-नहीं हो पा रही धन्नु से बात
गोविंद कुमार
गोपालगंज : नेशनल इवेस्टीगेशन एजेंसी (एनआईए) के हत्थे चढ़ा बेदार बख्त उर्फ धन्नु राजा ने दिल्ली पहुंचने के बाद आखिरी बार अपने पिता फिरोज आलम के पास कॉल किया था. धन्नु ने शुक्रवार की देर शाम कॉल करके अपने पिता को एनआईए के हाथों गिरफ्तार कर लिये जाने की जानकारी दी थी.
धन्नु के पिता फिरोज आलम के मुताबिकधन्नु ने कॉल करने के बाद सुरक्षित होने की बात कही. इसके बाद फोन बंद हो गया. धन्नु की गिरफ्तारी के बाद वह कहां है और कैसे, इसकी जानकारी परिजनों को भी नहीं है. धन्नु के पिता के मुताबिक उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के अलावा सगे-संबंधियों के यहां पूरे मामले की जानकारी के लिए दौड़ लगायी, लेकिन जानकारी मिलने की बात तो दूर, उनसे कोई ठीक से बात भी नहीं कर रहा. इधर, धन्नु की नानी कुरैसा खातून ने कहा कि बचपन से पाल-पोस कर उसे बड़ा किया था. पटना के अलावा किसी दूसरे शहर में गया भी नहीं.
एनआईए ने दो युवकों को उठाया था : जादोपुर चौक से रेकी करने के बाद एनआईए ने दो युवकों को उठाया था. होटल कैलाश के समीप कार्रवाई करने के बाद धन्नु राजा को अपने साथ लेकर चली गयी. वहीं दूसरे युवक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया. पुलिस सूत्रों की मानें तो एनआईए को धन्नु राजा की गिरफ्तारी करनी थी. दोनों युवकों में धन्नु राजा कौन है, इसकी जानकारी के लिए दोनों को उठाया गया था. बाद में तस्वीर से मिलान कर दूसरे युवक को छोड़ दिया गया था.
शाहनवाज के पास से मिला था कई शहरों का वीडियो
यूपी के प्रतापगढ़ जिले से गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी शाहनवाज के पास से उत्तर प्रदेश के बड़े शहरों लखनऊ, आगरा, वाराणसी, इलाहाबाद और गोरखपुर के वीडियो मिले हैं. कई दिनों तक इन शहरों में रेकी करने के बाद भीड़-भाड़ वाले इलाकों की वीडियो फुटेज बनायी तथा फोटो भी खींची गयी थी. सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में लश्कर आतंकी नईम ने कई खुलासे करते हुए बताया कि वह 26/11 के हमले के आरोपित अबू जुंदाल के संपर्क में था.
वह पाकिस्तान के लश्कर कमांडर रेहान के संपर्क में भी था और उसने लश्कर कमांडर से धन लेने की बात भी स्वीकारी है. बता दें कि बीते 28 नवंबर को गिरफ्तार किये गये आतंकी नईम को एनआईए ने 10 दिनों की रिमांड पर लिया है.
हैदराबाद ब्लास्ट का आरोपित था महाराष्ट्र का आतंकी नईम
महाराष्ट्र के औरंगाबाद का रहनेवाला आतंकी शेख अब्दुल नईम एनआईए के रिमांड पर है. सुरक्षा एजेंसियों की पूछताछ में उसने कई चौंका देनेवाले खुलासे किये हैं. सूत्रों के मुताबिक उसे पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर से इस काम के लिए पैसे भी मिल रहे थे. उस पैसे को वह धर्म के प्रति रुझान रखनेवाले युवकों को भटका कर टीम बनाने में लगाता था. सीमावर्ती राज्य यूपी के अलग-अलग हिस्सों से जानकारी जुटा रहा था.
