नगर पर्षद की फॉगिंग, डेंगू मच्छरों की ''जॉगिंग''

डेंगू का डंक. सदर अस्पताल से डेंगू के लक्षण मिलने पर रेफर करना मजबूरी गली-मोहल्लों में मच्छरों का तेजी से बढ़ा आतंक सदर अस्पताल में डेंगू की जांच के लिए नहीं है कीट गोपालगंज : गर्मी से ठंड की ओर मौसम ने करवट ली और नगर पर्षद ने शहर में दो दिन फॉगिंग कराने के […]

डेंगू का डंक. सदर अस्पताल से डेंगू के लक्षण मिलने पर रेफर करना मजबूरी

गली-मोहल्लों में मच्छरों का तेजी से बढ़ा आतंक
सदर अस्पताल में डेंगू की जांच के लिए नहीं है कीट
गोपालगंज : गर्मी से ठंड की ओर मौसम ने करवट ली और नगर पर्षद ने शहर में दो दिन फॉगिंग कराने के बाद गली-मुहल्लों में भी फॉगिंग का दावा भी ठोंक दिया, मगर डेंगू मच्छरों का डंक मारना कम नहीं हुआ है. वे अब भी घरों व मोहल्लों में जॉगिंग कर रहे हैं. स्थिति यह है कि नवंबर आधा बीतने को है और अस्पतालों में डेंगू के संदिग्ध मरीज कम होने के बजाय तेजी से बढ़ रहे हैं. राजेंद्रनगर, स्टेशन रोड, सरेया, राजीवनगर, मालवीयनगर, हजियापुर, कैथवलिया आदि इलाकों से डेंगू के मरीजों के आने का सिलसिला जारी है. सदर अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड में डेंगू के संदिग्ध मरीजों को तत्काल रेफर किया जा रहा है.
गोरखपुर में चार दिनों से भर्ती रीमा देवी का प्लेटलेट्स लगातार कम हो रहा है. इसी तरह कोटवा की रुखनिशा भी डेंगू की आशंका में भर्ती हैं. पिछले एक सप्ताह में एक दर्जन मरीज डेंगू होने की आशंका में भर्ती हैं. इन सभी के खून के नमूने जांच के लिए भेजे गये हैं. रिपोर्ट आने के बाद ही रोग की पुष्टि होगी. डॉ मुकेश कुमार का कहना है कि डेंगू की जांच की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण परेशानी हो रही है. ऐसे मरीजों में डेंगू के लक्षण मिलने पर रेफर करना मजबूरी हो जा रही है. हॉस्पिटल में भी मरीजों के आने का सिलसिला जारी है.
लोगों का आरोप, कागजों पर फॉगिंग : खास यह कि इस बार नगर पर्षद की ओर से फॉगिंग मोहल्लों में नहीं करायी गयी. यह आरोप नगरवासी लगा रहे हैं. इससे इतर नगर पर्षद का दावा है कि वार्ड-वार्ड फॉगिंग करायी गयी है, जबकि फॉगिंग की पोल घरों व मोहल्लों में जॉगिंग करते मच्छर ही खोल रहे हैं. रात छोड़िए दिन में मच्छर काट रहे हैं, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद घातक है.
गांवों में कागज पर हो रही फॉगिंग : शहर में फॉगिंग कराने का दावा स्वास्थ्य विभाग कर रहा है. कुचायकोट प्रखंड के बिंदवलिया और बलिवन सागर में डेंगू मच्छरों का डंक मारना कम नहीं हुआ है. वे अब भी घरों व मोहल्लों में बीमार कर रहे हैं. गांव के अधिकतर लोग डेंगू के भय से घर छोड़ कर ठिकाना तलाश रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >