भोरे : समान काम के लिए समान वेतन की मांग को लेकर हड़ताल पर चल रही एएनएम के कारण भोरे रेफरल अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से चरमरा गयी हैं. एएनएम के आंदोलन के कारण ओपीडी में इलाज नहीं हो रहा है. इसके कारण मरीजों को बैरंग लौटना पड़ रहा है. हालांकि, इमरजेंसी सेवाएं चालू हैं. लेकिन, सबसे बड़ी परेशानी प्रसूता महिलाओं को हो रही है. हड़ताल और आंदोलन के कारण गुरुवार से ही रेफरल अस्पताल में प्रसव कार्य ठप है.
बता दें कि समान काम के लिए समान वेतनमान की मांग पर एएनएम हड़ताल पर हैं. इनकी हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है. लेकिन, गुरुवार से एएनएम द्वारा आंदोलन का रुख कड़ा कर दिया गया. एएनएम द्वारा गुरुवार को भोरे रेफरल अस्पताल के स्वास्थ्य प्रबंधक को अस्पताल परसिर में ही बंधक बना लिया था.
साथ ही ओपीडी सेवाओं को बंद करा दिया था. वहीं, शुक्रवार की सुबह से ही एनएनएम ने अस्पताल परिसर में पहुंच कर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की. नारेबाजी के बाद ओपीडी को बंद करा दिया गया. बता दें कि भोरे रेफरल अस्पताल में एक दिन में ओपीडी में लगभग 250 मरीजों का इलाज किया जाता है.
