रात में होगा ठंड का एहसास
गोपालगंज : नवंबर का पहला सप्ताह बीत गया, लेकिन दिन में ठंड का एहसास अभी शेष है. ठंड अभी रात में ही महसूस हो रही है. दिन के तापमान में गर्माहट है. अगर विगत दिनों के अधिकतम तापमान के आंकड़ों पर गौर किया जाये, तो इसकी पुष्टि खुद-ब-खुद हो जाती है. इस दौरान अधिकतम तापमान घटने के बजाय 29 डिग्री सेल्सियस से बढ़ कर 32 डिग्री तक पहुंच गया है. मौसम विशेषज्ञों की मानें, तो अधिकतम तापमान की यही स्थिति नवंबर के तीसरे सप्ताह तक बनी रहेगी.
न्यूनतम तापमान सिलसिलेवार तरीके से गिरेगा. ऐसे में रात की ठंड तो बढ़ेगी, लेकिन दिन की गर्मी यथावत बरकरार रहेगी. मौसम विभाग के अगले पांच दिनों के तापमान के विश्लेषणात्मक अनुमान पर अगर गौर करें, तो अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है.
ऐसे में न्यूनतम तापमान क्रमवार 19 डिग्री से 17 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. मौसम वैज्ञानिक डॉ एसएन पांडेय ने बताया कि रात और दिन के तापमान का अंतर फिलहाल दिसंबर तक बरकरार रहेगा. नवंबर के तीसरे सप्ताह के बाद से ही अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना है. न्यूनतम तापमान के गिरते रहने का सिलसिला अब जारी रहेगा.
विगत चार दिन का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
तिथि अधिकतम न्यूनतम
3 नवंबर 29.2 19.2
4 नवंबर 30.4 18.9
5 नवंबर 31.2 18.4
6 नवंबर 32.5 18.0
अगले चार दिनों का संभावित तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
तिथि अधिकतम न्यूनतम
8 नवंबर 31.0 17.9
9 नवंबर 30.0 17.0
10 नवंबर 30.0 16.6
11 नवंबर 31.0 17.2
