डीएवी स्कूल की बस दुर्घटनाग्रस्त 20 छात्र घायल, अस्पताल में भर्ती

हादसा. नगर थाने के चौराव गांव के पास एनएच 28 पर हुआ हादसा डीएवी पब्लिक स्कूल थावे की बस सोमवार को एनएच 28 पर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. इस हादसे में बस में सवार 20 से अधिक छात्र-छात्राएं घायल हो गये. सदर अस्पताल में सभी का इलाज कराया गया. गोपालगंज : नगर थाना क्षेत्र के चौराव […]

हादसा. नगर थाने के चौराव गांव के पास एनएच 28 पर हुआ हादसा

डीएवी पब्लिक स्कूल थावे की बस सोमवार को एनएच 28 पर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. इस हादसे में बस में सवार 20 से अधिक छात्र-छात्राएं घायल हो गये. सदर अस्पताल में सभी का इलाज कराया गया.
गोपालगंज : नगर थाना क्षेत्र के चौराव गांव के समीप डीएवी पब्लिक स्कूल की बस स्कूल से लौटने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. इस हादसे में बस में सवार करीब दो दर्जन छात्र-छात्राएं घायल हो गये. हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल छात्रों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायल छात्रों में लाखपतिया मोड़ की निवासी अनुष्का कुमारी, जादोपुर की रानी सिंह, अंजली कुमारी, आस्था तिवारी, सरेया की जिया कुमारी, पुरानी चौक की कोमल कुमारी, प्रगति सिंह, ब्लॉक कॉलोनी की सुप्री कुमारी, मनीषा कुमारी, सानिया आदि शामिल हैं. इनमें छात्राओं की संख्या अधिक है
. इमरजेंसी वार्ड के डॉक्टरों ने दो छात्राओं की हालत गंभीर बतायी है. वहीं, अन्य घायलों को उपचार के बाद इमरजेंसी से डिस्चार्ज कर दिया गया.
अस्पताल में अफरा-तफरी का रहा माहौल : हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंच गये. सभी अपने-अपने बच्चों को देखने के लिए व्याकुल थे. कोई स्कूल प्रशासन के पास फोन पर सूचना ले रहा था, तो कोई थाने में कॉल करके हादसे की जानकारी ले रहा था. हालांकि, घायल छात्रों के बार में स्कूल प्रशासन ने भी परिजनों को सूचित कर दिया था.
इमरजेंसी में अतिरिक्त डॉक्टरों की तैनाती : हादसे की खबर मिलते ही सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार चौधरी ने इमरजेंसी वार्ड में अतिरिक्त डॉक्टरों की तैनाती कर दी. डीपीएम अरविंद कुमार झा के अलावा डॉ आरके सिंह, डॉ एसके गुप्ता तथा डॉ पीसी सिन्हा तैनात रहे. डॉक्टर व कर्मियों की तत्पर्ता के कारण इमरजेंसी में सभी छात्रों का एक साथ इलाज शुरू हो गया.
बाइक सवार को बचाने में हुआ हादसा : हादसे के बाद अस्पताल में पहुंचे स्कूल प्रशासन ने परिजनों को दुर्घटना की जानकारी दी. वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस को स्कूल प्रशासन ने बताया कि बाइक सवार को बचाने के लिए ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लिया. इसके कारण बस दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. पुलिस ने छात्रों का बयान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. चौराव गांव के पास हादसा होने के बाद छात्र-छात्राएं बस से सड़क पर आ गये.
छात्रों की भीड़ और दुर्घटनाग्रस्त बस घंटे भर खड़ी रही. इसके कारण सीवान-गोपालगंज एनएच 85 पर वाहनों का परिचालन बाधित रहा. वाहनों का जाम लग गया. हालांकि, पुलिस के पहुंचने पर एक घंटा बाद जाम की स्थिति को सामान्य किया जा सका.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >