दिनदहाड़े लूट से पुलिस गश्ती पर सवाल
हथुआ : स्थानीय अनुमंडल क्षेत्र में लूट की घटनाएं चरम पर है. बेखौफ अपराधी दिन दहाड़े ही लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिससे कारोबारियों में दहशत का माहौल है. व्यवसायी रुपये की लेन-देन के लिए हथुआ अनुमंडल के विभिन्न बाजारों में आने से कतरा रहे हैं. दिनदहाड़े वारदातों से पुलिस की गश्ती […]
हथुआ : स्थानीय अनुमंडल क्षेत्र में लूट की घटनाएं चरम पर है. बेखौफ अपराधी दिन दहाड़े ही लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिससे कारोबारियों में दहशत का माहौल है. व्यवसायी रुपये की लेन-देन के लिए हथुआ अनुमंडल के विभिन्न बाजारों में आने से कतरा रहे हैं. दिनदहाड़े वारदातों से पुलिस की गश्ती पर भी सवाल उठ रहे हैं.
सभी थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग होने के बावजूद भी अपराधी हथियार लेकर घटना को अंजाम दे रहे हैं. हालांकि मीरगंज, उचकागांव,हथुआ थाना क्षेत्रों में हुई लूटकांड को लेकर पुलिस लूटकांड की घटना को लेकर छापेमारी कर रही है. लेकिन, पुलिस को अभी तक सफलता हासिल नहीं हुई है.
केस स्टडी-एक : 28 अक्तूबर को हथुआ-बड़कागांव मुख्य मार्ग पर खेमनटोला गांव के समीप पल्सर पर सवार तीन अपराधियों ने सीवान जिले के सीमावर्ती जीरादेई थाना अंतर्गत सुरवल निवासी प्यारे लाल का 25 वर्षीय पुत्र राहुल पटेल को गोली मार कर अपाची बाइक लूट ली.
केस स्टडी-दो :
आठ अक्तूबर को हथुआ थाना क्षेत्र के रूपनचक गांव के चंवर में अपराधियों ने एक युवक को गोली मार कर चेन, मोबाइल व अंगूठी लूट ली थी. युवक मांझा थाना क्षेत्र के जाफर टोला निवासी रामचंद्र साह का पुत्र दुलदुल साह था, जो रूपनचक गांव स्थित अपने भाई के ससुराल से वापस लौट रहा था. इसी दौरान अपराधियों ने घटना का अंजाम दिया था. हालांकि पुलिस ने इस मामले में मांझा थाना क्षेत्र के अपराधियों की गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
केस स्टडी : 03
नौ अक्तूबर को रूपनचक चंवर में ही अपराधियों ने हथियार के बल पर 22 हजार रुपये लूट लिये गये थे. पीड़ित उचकागांव थाना क्षेत्र के कमदूमपुर गांव निवासी अखिलेश पटेल का पुत्र सुनील पटेल रूपनचक गांव से अपने रिश्तेदार से मिल कर जा रहा था. इसी दौरान अपराधियों ने उक्त घटना को अंजाम दिया. इन तीनों लूट की घटना का मामला अभी शांत नहीं हुई थी कि अपराधियों ने मीरगंज थाना क्षेत्र में एक बार फिर गोली चलाकर लूट की घटना को अंजाम देकर अपने बुलंद हौसले का परिचय दिया.
वारदात के बाद यूपी में शरण लेते हैं लुटेरे
अनुमंडल क्षेत्र में लूट की घटना का अंजाम देकर अपराधी सीमावर्ती क्षेत्र के देवरिया, कुशीनगर, बलिया आदि जगहों पर शरण ले रहे हैं. अपराधियों के गिरफ्तारी के लिए पुलिस यूपी में भी छापेमारी कर रही है. लेकिन, पुलिस को अपराधियों तक पहुंचने में अभी तक सफलता हासिल नहीं हुई है. हालांकि लूट की घटनाओं में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा चुकी है.
लूटकांड को लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है. अपराधियों के हुलिया के आधार पर जिले के विभिन्न जगहों सहित यूपी में भी पुलिस छापेमारी कर रही है. जल्द ही सभी लूट कांडों का उद्भेदन होगा.
इम्तेयाज अहमद, हथुआ, एसडीपीओ