शव बरामद कर मृतक की पहचान करने में जुटी
श्रीपुर ओपी के भगवानपुर गांव के समीप वारदात
फुलवरिया : फुलवरिया थाने के सहायक श्रीपुर ओपी क्षेत्र के भगवानपुर गांव में अपराधियों ने हथुआ गंडक नहर के समीप अधेड़ को पेड़ से लटका कर हत्या कर दी. मंगलवार को पुलिस ने पेड़ से लटका हुआ बरामद किया. मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्थानीय बच्चे बगीचे में खेल रहे थे. इसी बीच शव पेड़ पर लटका हुआ मिला. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे श्रीपुर ओपी के सहायक दारोगा रामचंद्र राम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
वहीं, घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं की जा रही हैं. स्थानीय लोगों का मानना है कि पुलिस से बचने के लिए अपराधियों ने हत्या के बाद सुनसान इलाके में लाकर पेड़ पर शव को लटका दिया. वहीं, पुलिस ने मृतक की पहचान करने के लिए छानबीन शुरू कर दी है. आसपास के सभी थानों से पुलिस संपर्क कर मामले का खुलासा करने में जुट गयी है.
