डीएसपी की गाड़ी देखते ही शराब माफियाओं ने कर दी थी फायरिंग
गोपालगंज : शहर में बुधवार की देर रात शराब माफियाओं से हुई मुठभेड़ में मुख्यालय डीएसपी विभाष कुमार बाल-बाल बच गये. पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान माफियाओं पर जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक युवक को पैर में गोली लगी है. गोली लगने के बाद अन्य शराब माफिया फरार हो गये. वारदात के बाद नगर थाने के अलावा कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गयी. पुलिस ने अपाची से भाग रहे शराब माफियाओं का पीछा किया, लेकिन अंधेरे का लाभ उठा कर सभी पुलिस पर फायरिंग करते हुए भाग निकले. पुलिस ने जिन तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें छपरा व हरियाणा के युवक शामिल हैं.
डीएसपी के मुताबिक पुलिस को ट्रक से शराब उतरने की सूचना मिली थी. पुलिस जब पहुंची, तो वहां झाड़ियों में छिपा कर शराब उतारने का काम शुरू होने जा रहा था. पुलिस ने जब छापेमारी शुरू की, तो माफियाओं ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस के मुताबिक जिस युवक को जवाबी कार्रवाई में गोली लगी है, वह छपरा के लाल मियां उर्फ लाल बाबू का बेटा समीर कुमार है. वहीं, दूसरा युवक नगर थाना क्षेत्र के सरेया वार्ड संख्या एक निवासी सुग्रीव प्रसाद का पुत्र रंजन कुमार तथा तीसरा हरियाणा का चालक दिनेश कुमार है. इनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने गहन पूछताछ की है. इसमें मिले सुराग के आधार पर फरार शराब माफियाओं की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
