डेंगू का डंक. नहीं चेता स्वास्थ्य विभाग और आ गया डेंगू, अलर्ट जारी
गोपालगंज : शहर में डेंगू ने दस्तक दे दी है. हरखुआ में फकरुद्दीन नामक व्यक्ति में डेंगू का लक्षण मिला है. स्थिति गंभीर होने पर दिल्ली भेजा गया है. जिले में अबतक डेंगू के पांच संदिग्ध रोगी मिल हैं. इनमें तीन मरीजों में पुष्टि भी हो चुकी है. शहर के अलावा कटेया में एक छात्रा और भोरे रेफरल में एक युवक में डेंगू का लक्षण पाया गया है.
स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू को लेकर पिछले माह अलर्ट जारी किया था. विभाग को उन स्थानों पर मच्छरों से बचाव का इंतजाम करने को कहा गया था, जहां डेंगू और मलेरिया के लार्वा पनप सकते हैं. बावजूद इसके अभी तक बचाव के कोई उपाय नहीं किये गये. यदि नगर पर्षद और स्वास्थ्य विभाग अभी से नहीं चेता, तो बीते सालों की तरह इस साल भी डेंगू का प्रकोप लोगों को परेशान करेगा. इधर, स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू को लेकर सदर अस्पताल में अलग वार्ड बनाया है. अस्पताल में डॉक्टरों को संदिग्ध रोगियों की जांच के बाद इलाज करने का निर्देश दिया गया है.
किसी को गोरखपुर, तो किसी को दिल्ली किया गया रेफर
बीमारी के लक्षण
तेज बुखार आना एवं लगातार बुखार को बने रहना.
शरीर में चमकी होना
दांत पर दांत बैठना
पूरे शरीर या किसी खास अंग में ऐंठन होना
बच्चे का सुस्त होना
चूंटी काटने पर शरीर में कोई हरकत नहीं होना
बीमारी से बचाव के उपाय
बिस्तर पर मच्छरदानी का प्रयोग करना चाहिए
पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें
गर्मी के दिनों में बच्चों को ओआरएस का घोल पिलाना चाहिए
ओआरएस का घोल नहीं हो तो नीबू पानी अवश्य पिलाना चाहिए
बगीचे में गिरे हुए जूठे फल बच्चों को नहीं खाना चाहिए
गंदगी फैलाने के जुर्म में छह सूअर पालकों पर प्राथमिकी दर्ज
गोपालगंज : नगर पर्षद ने डेंगू ओर जापानी इंसेफ्लाइटिस से बचाने के लिए कमर कस ली है. शहर में गंदगी न फैले इसके लिए नगर पर्षद ने सख्त कदम उठाया है. मंगलवार को नगर पर्षद ने गंदगी फैलाने के जुर्म में छह सूअर पालकों पर प्राथमिकी दर्ज करायी है. जिन पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है उनमें मंगल बांसफोर, प्रेम बांसफोर, नरेश बांसफोर, भुअर बांसफोर, सुनील बांसफोर और राज कुमार बोसफोर शामिल हैं. गौरतलब है कि नगर पर्षद ने सूअर पालकों को नोटिस भेजा था.
इसके बावजूद शहर में सूअरों का मनमानी विचरण जारी था. इस संबंध में नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी ज्योति कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गंदगी फैलाने के आरोप में छह सूअर पालकों पर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
आशा को घर-घर लेनी होगी रिपोर्ट
डेंगू, जेइ/एइएस को लेकर अक्तूबर तक आशा को अलर्ट किया गया है. स्वास्थ्य विभाग ने आशा को घर-घर संबंधित रोग के संदिग्ध मरीजों की जानकारी लेकर सूचना देने का निर्देश दिया गया है. आशा की रिपोर्ट पर संबंधित पीएचसी के चिकित्सा प्रभारी को मरीज की प्राइमरी जांच करनी होगी.
निबटने को विभाग तैयार
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डाॅ चंद्रिका साह ने कहा कि विभाग की जानकारी में डेंगू के मरीज नहीं हैं. वैसे डेंगू, चिकन गुनिया व चिकेन पॉक्स को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट किया है. नप को फॉगिंग कराने के लिए पत्र लिखा जा चुका है.
डाॅ चंद्रिका साह, डीएमओ
