पंचदेवरी : समऊर-मीरगंज पथ पर सिंधरिया नहर के पास सोमवार की देर शाम हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गयी. युवक की पहचान कटेया थाने के भगवानपुर कुर्मी टोला निवासी अरविंद यादव के रूप में की गयी है. बाइक पर सवार होकर अपनी पत्नी नीतू देवी, पुत्री लक्ष्मी कुमारी (6), पुत्र सूरज (3) और पुत्र आदित्य (1) के साथ फाजिलनगर स्थित अपने रिश्तेदार के यहां से घर लौट रहा था. इसी दौरान सिंधरिया नहर के पास तेज गति से आ रही बोलेरो ने बाइक को ठोकर मार दी.
इससे बाइक पर सवार अरविंद, उसकी पत्नी व बच्चे जख्मी हो गये. वहीं चालक बोलेरो लेकर फरार हो गया. इसके बाद चारों घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए अरविंद यादव को गोरखपुर भेज दिया. मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. इस मामले में अभी तक संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कोई आवेदन नहीं दिया गया है. उधर, युवक की मौत के बाद घर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
