गोपालपुर के राजापुर की रहनेवाली थी महिला
सासामुसा : सासामुसा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से कटने के बाद इलाज के अभाव में तड़प-तड़प कर हुई महिला की मौत की जांच रेल पुलिस ने शुरू कर दी है. बुधवार को सासामुसा स्टेशन पर पहुंची पुलिस ने कई बिंदुओं पर जांच की. जांच के बाद चौकानेवाले मामले का खुलासा हुआ. रेल पुलिस ने बताया कि महिला की मौत ट्रेन पर चढ़ने के दौरान गिरने से हुई. दरअसल सासामुसा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन जब रुकी, तो वहां यात्रियों की काफी भीड़ थी. ट्रेन महज पांच मिनट के लिए ही रुकी थी.
स्थानीय लोगों की मानें, तो पैसेंजर ट्रेन पर चढ़ने के दौरान धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद महिबुन नेशा गिर गयी. रेल पटरी पर गिरने के बाद ट्रेन खुल गयी, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी. स्टेशन के पास घायल महिला लोगों से मदद के लिए गुहार लगाती रही. लेकिन, किसी ने उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए इनसानियत नहीं दिखायी.
करीब डेढ़ घंटे बाद महिला की तड़प-तड़प कर मौत हो गयी. ासामुसा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच मारा-मारी होने लगती है. इसका एक कारण ट्रेन का स्टेशन पर कम समय तक रुकना भी है. सबसे अधिक महिलाओं को ट्रेन में भीड़ के दौरान चढ़ने में परेशानी होती है. रेल पुलिस इस स्टेशन पर नहीं रहती है. कई बार तो मारपीट भी हो जाती है.
परिजनों को पुलिस ने देर रात सौंपा शव : सासामुसा स्टेशन पर महिला की मौत होने के बाद थावे जीआरपी ने सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया.
मंगलवार की देर शाम महिला की पहचान की गयी. मृतक महिला गोपालपुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव के निवासी सुबास अंसारी की पत्नी महिबुन नेशा थी. घर से इलाज कराने के लिए अकेली निकली थी. सासामुसा स्टेशन पर सुबह नौ बजे के आसपास ट्रेन की चपेट में आ गयी.
क्या कहते हैं अधिकारी
गोपालपुर के राजापुर की रहनेवाली महिला थी. इलाज कराने के लिए आ रही थी. ट्रेन पर चढ़ने के दौरान हादसा हुआ था. शव परिजनों को सौंप दिया गया है. घटना की जांच की जा रही है.
अरुणदेव राय, थावे, जीआरपी प्रभारी
