डुमरिया. डुमरिया थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग गांवों से दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया. गुप्त सूचना के आधार पर की गयी इस कार्रवाई में पुलिस को अहम सफलता मिली है. थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि पिछुलिया गांव निवासी पिंटू कुमार उर्फ अशोक कुमार को 55 लीटर देशी महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया गया. मौके से एक बाइक भी जब्त की गयी, जिसका इस्तेमाल शराब की ढुलाई में किया जा रहा था. वहीं दूसरी कार्रवाई में छोटका पनकरा गांव के रंजन चौधरी को 10 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा गया. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पूछताछ के दौरान शराब कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी ली गयी. इसके बाद विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है और अवैध शराब कारोबारियों में भय का माहौल देखा जा रहा है.
65 लीटर महुआ शराब के साथ दो धंधेबाज धराये
डुमरिया थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग गांवों से दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया.
