महिला सिपाही से अवैध संबंध को लेकर दो ड्राइवरों के बीच गोलीबारी, सिपाही ड्राइवर हुआ घायल

Gaya Ji News: गया जी के कोतवाली थाने में तैनात महिला सिपाही से अवैध संबंध के मामले में कोतवाली थाने के सिपाही ड्राइवर और निजी ड्राइवर के बीच गोलीबारी की घटना हुई. जिसमें सिपाही चालक घायल हो गया. वहीं महिला सिपाही और सिपाही ड्राइवर को सस्पेंड करने के साथ निजी ड्राइवर को जेल भेज दिया गया.

Gaya Ji News: गया जी के कोतवाली थाने में तैनात महिला सिपाही के साथ अवैध संबंध रखने के मामले में परैया थाने के निजी ड्राइवर गौतम कुमार के द्वारा कोतवाली थाने के सिपाही चालक नीरज कुमार को गोली मारने के मामले में प्रभारी एसएसपी सह सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने कड़ा एक्शन लिया है. सिटी डीएसपी सरोज कुमार शाह की अनुशंसा पर सिटी एसपी ने कोतवाली थाने में तैनात महिला सिपाही के साथ-साथ सिपाही चालक नीरज कुमार को फिलहाल सस्पेन्ड कर दिया है. साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का आदेश भी दिया है.

ड्यूटी के दौरान बढ़ी नजदीकियां

जानकारी के अनुसार, परैया थाने के पुनाकला गांव का रहनेवाला गौतम कुमार शर्मा लंबे समय से परैया थाने में निजी ड्राइवर के रूप में कामकाज कर रहा था. वहीं, कोतवाली थाने में तैनात महिला सिपाही जो पहले परैया थाने में तैनात थी. उसी दौरान निजी ड्राइवर और महिला सिपाही के बीच आंखें चार होने लगी और दोनों के बीच प्यार-मोहब्बत परवान चढ़ने लगा.

वहीं, निलंबन के दौरान दोनों का मुख्यालय पुलिस लाइन कर दिया गया है. इधर, गोली लगने से घायल सिपाही चालक नीरज कुमार की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है. उसका इलाज मगध मेडिकल अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देख-रेख में किया जा रहा है. इधर, घायल सिपाही चालक नीरज के बयान पर सिविल लाइंस थाने में परैया थाने के निजी ड्राइवर गौतम कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया और रविवार को मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर उसे सेंट्रल जेल भेज दिया गया.

निजी ड्राइवर ने स्वीकार किया जुर्म

एसएसपी कार्यालय की तरफ से जारी किये गये प्रेस रिलीज के अनुसार, निजी ड्राइवर ने स्वीकार किया है कि महिला सिपाही से उसका अवैध संबंध था. बाद में कोतवाली थाने के तैनात सिपाही चालक नीरज के साथ उसी महिला सिपाही का अवैध संबंध हो गया. इसी को लेकर उसने सिपाही चालक नीरज कुमार को गोली मार दी.

महिला सिपाही के किराये वाले घर में हुई घटना

गोली मारने की घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पितामहेश्वर मुहल्ले के हिसुआ कोठी गली के एक घर में हुई. उसी घर में महिला सिपाही किराये पर रहती थी. यह घटना शनिवार की अहले सुबह करीब तीन-साढ़े तीन बजे हुई थी. गोली लगने के बाद घायल सिपाही चालक नीरज खुद बाइक चला कर कोतवाली थाना पहुंचा और अपने साथियों को जानकारी दी. तब उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया.

मोबाइल फोन से मिले कई वीडियो और फोटो

हालांकि, इस घटना को प्रभारी एसएसपी सह सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने गंभीरता से लिया और सिटी डीएसपी सरोज कुमार शाह की मॉनीटरिंग में एक विशेष टीम गठित की गई. पुलिस की विशेष टीम ने गोली मारने वाले आरोपी परैया थाने के निजी ड्राइवर गौतम की गिरफ्तारी को लेकर उसके ठिकाने परैया थाने के पुनाकला गांव में छापेमारी की और वहां से उसे गिरफ्तार कर लिया. उसके साथ एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया. जब्त किए गए मोबाइल फोन से पुलिस को महिला सिपाही से बातचीत और कई प्रकार के फोटो व वीडियो मिले है.

सरकारी नौकरी में रहते गलत आचरण की वजह से हुई कार्रवाई

सरकारी नौकरी में रहते अवैध संबंध जैसे गलत आचरण के मामले को प्रभारी एसएसपी सह सिटी एसपी ने गंभीरता से लिया. रविवार को सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि महिला सिपाही सहित कोतवाली थाने के सिपाही चालक नीरज कुमार को निलंबित कर दिया गया है. दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का आदेश दिया गया है. साथ ही दोनों के खिलाफ और कड़ा एक्शन लिया जायेगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटना ना घटे.

गया जी कार्यालय से रोशन कुमार की रिपोर्ट

Also Read शादी समारोह में आई डांसर के साथ दुष्कर्म, चार आरोपी गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By kumarsuryakant

kumarsuryakant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >