गया जंक्शन पर दर्दनाक हादसा : शालीमार-गोरखपुर एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक की कटकर मौत, शिनाख्त में जुटी GRP

जिले के गया जंक्शन (रेलवे स्टेशन) पर बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई. यहां प्लेटफॉर्म नंबर दो पर एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से कटकर मौत हो गई.

गया. जिले के गया जंक्शन (रेलवे स्टेशन) पर बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई. यहां प्लेटफॉर्म नंबर दो पर एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से कटकर मौत हो गई. यह घटना शालीमार-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने के दौरान हुई. हादसे के तुरंत बाद प्लेटफॉर्म पर अफरातफरी मच गई और ट्रेन पकड़ने आए यात्रियों में हड़कंप की स्थिति बन गई. घटना के समय प्लेटफॉर्म पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ट्रेन के आते ही उसकी चपेट में आ गया. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक लापरवाही से रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, प्लेटफॉर्म से फिसला, या फिर उसने जानबूझकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की है.

शिनाख्त में जुटी रेल पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही गया रेल थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई. रेल थानाध्यक्ष शिवकुमार अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को अपने कब्जे में लेकर आसपास मौजूद लोगों और कुलियों से उसकी पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी.

यूडी केस दर्ज, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

रेल थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए उसके हुलिए और कपड़ों की डिटेल आसपास के थानों में भेजी जा रही है. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है. गया रेल थाने में इस संबंध में यूडी केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.

रिपोर्ट : रोहित कुमार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRANJAL PANDEY

PRANJAL PANDEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >