परैया. प्रखंड के लोदीपुर गांव की बेटी शिखा रानी का चयन पूर्वी क्षेत्र सॉफ्टबॉल टूर्नामेंट के लिए बिहार की टीम में हुआ है. जमशेदपुर में 19 से 21 सितंबर तक आयोजित हो रहे इस टूर्नामेंट में शिखा रानी राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी. उनके चयन से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है. यह टूर्नामेंट भारतीय सॉफ्टबॉल संघ द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बिहार के अलावा झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मणिपुर और असम की टीमें हिस्सा ले रही हैं. इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए शिखा के पिता पवन कुमार ने कहा, मेरी बेटी ने हम सभी के साथ-साथ पूरे इलाके का नाम रोशन किया है. उन्होंने बताया कि शिखा ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
