Gaya Ji News: शेरघाटी में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिला समेत कई लोग घायल

Published by : Suryakant Kumar Updated At : 24 May 2026 6:48 PM

विज्ञापन

अस्पताल में इलाजरत घायलों की तस्वीर

Gaya Ji News: शेरघाटी थाना क्षेत्र के नवादा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक ही परिवार के कई लोग घायल हो गए.

विज्ञापन

Gaya Ji News (नवीन कुमार मिश्रा): शेरघाटी थाना क्षेत्र के नवादा गांव में जमीन-जायदाद के विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक ही परिवार के कई लोग घायल हो गए. घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने शेरघाटी थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

जमीन लिखवाने का आरोप

घायल रंजनी देवी, पति प्रमोद सिंह, निवासी नवादा, शेरघाटी ने बताया कि उनका परिवार वर्तमान में मध्य प्रदेश के सिंगरौली में रहता है. उनके अनुसार पति के भाई एवं अन्य परिजन उन्हें पैतृक संपत्ति में हिस्सा नहीं देना चाहते हैं और गांव में रहने से भी रोकते हैं. रंजनी देवी का आरोप है कि उनके हिस्से की जमीन उनके ससुर से लिखवा ली गई है.

देवर और देवरानी पर मारपीट का आरोप

उन्होंने देवर पुनंजय सिंह और देवरानी खुशबू देवी सहित अन्य लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. पीड़िता ने बताया कि विवाद के दौरान उनके पति प्रमोद सिंह, स्वयं रंजनी देवी, उनके तीन बच्चे तथा उनके माता-पिता अवधेश प्रसाद सिंह और शकुंतला देवी, निवासी धनहारा, औरंगाबाद, घायल हो गए.

घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया

सभी घायलों को उपचार के लिए शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया. अस्पताल में इलाज के दौरान ड्यूटी को लेकर भी सवाल खड़े हुए. जानकारी के अनुसार रोस्टर के मुताबिक उस दिन दोपहर 2 बजे से डॉ. भास्कर और डॉ. जोहरा इमाम की ड्यूटी निर्धारित थी, लेकिन दोनों डॉक्टर मौजूद नहीं थे.

डॉक्टर के नहीं रहने की वजह से डॉ. धीरज कुमार को बुलाया गया, जिनकी ड्यूटी रात 8 बजे से निर्धारित थी. डॉ. धीरज ने बताया कि घायल प्रमोद सिंह और शौर्य कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल गया जी रेफर कर दिया गया है. हालांकि उन्होंने ड्यूटी व्यवस्था और रोस्टर से संबंधित सवालों पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.

डॉक्टर के नहीं रहने पर लोगों ने नाराजगी जताई

अस्पताल में चिकित्सकों की अनुपस्थिति को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई. स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार के निर्देशों और रोस्टर व्यवस्था के बावजूद अनुमंडलीय अस्पताल में कई बार निर्धारित चिकित्सक ड्यूटी पर नहीं मिलते हैं, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.

इधर, घटना के संबंध में पीड़ित परिवार ने शेरघाटी थाना में लिखित आवेदन देकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: औरंगाबाद में दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर की चपेट में आने से किशोर की मौत

विज्ञापन
Suryakant Kumar

लेखक के बारे में

By Suryakant Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन