वजीरगंज के रेंगना में इलेक्ट्रिक दुकान को चोरों ने बनाया निशाना प्रतिनिधि, वजीरगंज. थाना क्षेत्र अंतर्गत रेंगना गांव में संचालित मंटू इलेक्ट्रिक दुकान में बुधवार की देर रात चोरी हो गयी. जब गुरुवार की सुबह दुकानदार ने दुकान खोली, तो चोरी की बात पता चली. पीड़ित दुकानदार मंटू ने बताया कि दुकान के पीछे सीढ़ी लगाकर खिड़की में लगी ईंट को चोरों ने निकाल लिया और दुकान में रखे नये मोटर, पंखा, तार आदि सामान चुरा लिये गये. लगभग एक लाख के सामान की चोरी हुई है. पीड़ित ने बताया कि गुरुवार की संध्या पांच बंडल तार ईंट-भट्ठा के निकट झाड़ी में फेंका मिला है. एक लोहार मिस्त्री की दुकान की खिड़की तोड़कर चोरों ने कुछ लोहे के सामान की चोरी कर ली है. चोरी की सूचना पुलिस को दी गयी. इसके बाद गुरुवार को लगभग दो बजे दोपहर में पुलिस बल ने आकर मामले का जायजा लिया है. थानाध्यक्ष वेंकटेश्वर ओझा ने बताया कि पीड़ित से मिले आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी. लेकिन, अभी तक पुलिस को कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
