Gaya Ji News: गयाजी शहर के मुफस्सिल थाने में पदस्थापित एक एएसआई पर 1.20 लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप के बाद एसएसपी सुशील कुमार ने मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार मामला जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े विवाद से संबंधित है.
जमीन विवाद से जुड़ा है मामला
जानकारी के अनुसार, जमीन खरीद-बिक्री के दौरान जमीन मालिक और खरीदार के बीच भुगतान को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि खरीदार ने जमीन की रजिस्ट्री करा ली, लेकिन विक्रेता को पूरी राशि का भुगतान नहीं किया. इस संबंध में जमीन विक्रेता ने थाना में लिखित शिकायत देकर बिचौलिये और खरीदार के खिलाफ आरोप लगाए थे.
डीएसपी और थानाध्यक्ष ने भेजी रिपोर्ट
मामले में डीएसपी सुनील कुमार पांडेय और मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने संयुक्त रूप से जांच कर अपनी रिपोर्ट एसएसपी को भेजी है. इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
तकनीकी साक्ष्यों की हो रही जांच
जांच से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि पूरे मामले में फोन कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन, डिजिटल ट्रांजेक्शन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है. अधिकारी का कहना है कि यह भी जांच का विषय है कि संबंधित राशि का ट्रांजेक्शन किस परिस्थिति में हुआ. उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित राशि खाते में आने के बाद स्थानीय थाना में एक सनहा भी दर्ज कराया गया था, ताकि जांच के दौरान इस तथ्य को रिकॉर्ड में शामिल किया जा सके.
विभाग में चर्चा का माहौल
मामले को लेकर पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर जारी है. कुछ लोगों का कहना है कि सनहा दर्ज कराने के पीछे अलग-अलग कारण हो सकते हैं, जबकि कुछ इसे लेकर सवाल भी उठा रहे हैं. हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले में अंतिम निर्णय जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही लिया जाएगा. रिश्वत लेने के आरोप और जांच टीम के गठन के बाद मुफस्सिल थाना में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हलचल का माहौल बना हुआ है.
