मानपुर. मुफस्सिल थाने की पुलिस ने शनिवार की देर रात भदेजा गांव के बधार में छापेमारी कर कुख्यात बदमाश राजू पासवान को गिरफ्तार कर लिया. वह आर्म्स एक्ट और जानलेवा हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था. थाना अध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी के अनुसार, गिरफ्तार राजू के खिलाफ स्थानीय थाने में कुल नौ मामले दर्ज हैं. इनमें रंगदारी, गोलीबारी, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं. केस के अनुसंधानकर्ता एएसआइ हरीश झा ने बताया कि राजू और उसके भाई मसूदन पासवान के खिलाफ उनके पड़ोसी जामुन चौधरी ने जानलेवा हमले की प्राथमिकी दर्ज करायी थी. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपित रात गुजारने के लिए गांव के बाहर बधार में छिपा है. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया. गिरफ्तार अभियुक्त को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है. पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
