गयाजी. आरपीएफ ने ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए गया जंक्शन पर मिले 14 वर्षीय बालक को सुरक्षित बाल संरक्षण इकाई को सौंपा. दो अक्टूबर को उप निरीक्षक जावेद इकबाल, आरक्षी विकास कुमार, शशि शेखर और मुकेश कुमार गश्त कर रहे थे. इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या 2-3 के दिल्ली फुट ओवरब्रिज के नीचे दोपहर करीब दो बजे अकेला बालक गुमसुम अवस्था में मिला. पूछताछ पर उसने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र का रहने वाला है और चाचा के पास चोपन जाने के दौरान रास्ता भटककर गया जंक्शन पहुंच गया. बच्चे को भरोसा दिलाते हुए आरपीएफ पोस्ट लाया गया और रेलवे चाइल्ड हेल्प डेस्क को सूचना दी गयी. सूचना पर केस वर्कर मकसूद आलम पहुंचे और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालक को सुरक्षित संरक्षण इकाई के हवाले कर दिया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
