स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 : दूसरे दिन सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित
संवाददाता, गया जी. पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 स्वच्छोत्सव के रूप में जारी है. मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के दिशा-निर्देश पर अभियान के दूसरे दिन 18 सितंबर गुरुवार को मंडल के चिकित्सा विभाग की ओर से मंडल मुख्यालय स्थित मंडल रेल चिकित्सालय समेत गया, सासाराम और डेहरी ऑन सोन स्टेशन पर सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया. इन शिविरों का उद्देश्य नियमित श्रम में संलग्न कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देना और स्वच्छता से जुड़ी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था. शिविरों में उपस्थित चिकित्सकों की ओर से सफाई मित्रों का रक्तचाप, शुगर स्तर आदि के साथ सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया. आवश्यकता अनुसार चिकित्सकीय परामर्श दिया गया. साथ ही उन्हें उत्तम स्वास्थ्य के लिए स्वच्छ वातावरण बनाये रखने, हाथों की सफाई, साफ पानी के उपयोग और संतुलित आहार जैसे विषयों पर सलाह दी गयी. इन शिविरों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता और स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़े हैं और दोनों को बनाये रखना दीर्घकालिक कल्याण के लिए आवश्यक है. स्वास्थ्य शिविर के अतिरिक्त पूरे मंडल में स्वच्छता अभियान जारी रखते हुए चिह्नित स्थानों पर सघन सफाई की गयी और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
