जीटी रोड पर अवैध पार्किंग बनी खतरे की घंटी, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 09 Jun 2026 1:53 PM
जीटी रोड पर वाहनों की पार्किंग कर यात्रियों को बैठाते वाहन चालक.
Gayaji News : यात्रियों ने बताया कि बस पकड़ने के लिए उन्हें जीटी रोड की दोनों लेन पार करनी पड़ती हैं. इस दौरान तेज रफ्तार वाहन गुजरते रहते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
शेरघाटी (गयाजी से) नवीन कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
Gayaji News : देश के सबसे व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्गों में शामिल जीटी रोड (एनएच-19) पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है हाईवे किनारे बसों, ऑटो, टेंपो तथा अन्य वाहनों के खड़े रहने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बस चालक निर्धारित बस स्टैंड की बजाय सीधे हाईवे पर वाहन रोककर यात्रियों को चढ़ाने और उतारने का काम करते हैं, जिससे यात्रियों की जान जोखिम में पड़ रही है.
शेरघाटी से औरंगाबाद जाने वाले यात्री ज्यादा परेशान
सबसे अधिक परेशानी शेरघाटी से औरंगाबाद की ओर जाने वाले यात्रियों को हो रही है. इस मार्ग से यात्रा करने वाली सीमा देवी, आरती कुमारी, सुनैना कुमारी समेत अन्य यात्रियों ने बताया कि बस पकड़ने के लिए उन्हें जीटी रोड की दोनों लेन पार करनी पड़ती हैं. इस दौरान तेज रफ्तार ट्रक, बस और अन्य भारी वाहन लगातार गुजरते रहते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
हाईवे पर अवैध पार्किंग पर रोक की मांग
यात्रियों का कहना है कि सड़क पर बसों के रुकने से जाम की स्थिति भी उत्पन्न होती है और सड़क पार करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. स्थानीय नागरिकों के अनुसार महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक कठिनाई होती है. कई बार स्कूली बच्चे और ग्रामीण सड़क पार करने के दौरान हादसे का शिकार होते-होते बच चुके हैं. लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर अवैध पार्किंग और बसों के अनियमित ठहराव पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है.
जानिए…क्या बोले अधिकारी
इस संबंध में अंचलाधिकारी उषा कुमारी ने बताया कि जीटी रोड को अवरोधमुक्त बनाने के लिए अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा. वहीं नगर कार्यपालक पदाधिकारी रिचा प्रियदर्शनी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसों की पार्किंग पूरी तरह गलत है. बसों को केवल निर्धारित बस स्टैंड में ही खड़ा करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : रेलवे ट्रैक पर मिले शिक्षक के शव मामले में नया मोड़, पत्नी ने जताई हत्या की आशंका
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










