वजीरगंज. नगर पंचायत क्षेत्र के भदानी गली में गुरुवार की शाम करीब चार बजे शिक्षण कार्य से लौट रही एक शिक्षिका से मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली और भाग निकले. पीड़िता ने बताया कि विद्यालय से लौटते समय भदानी गली होते हुए जब वह शिक्षक कॉलोनी स्थित अपने आवास की ओर जा रही थीं, तभी विपरीत दिशा से दो युवक बाइक पर आये. बाइक चालक हेलमेट पहने था. गली के अपेक्षाकृत सुनसान हिस्से में उन्होंने अचानक चेन झपट ली और बाजार की ओर भागकर भीड़ में गुम हो गये. घटना से भयभीत शिक्षिका कुछ देर तक शोर मचाने के बाद सड़क किनारे बैठ गयीं. स्थानीय लोगों ने जब जानकारी पायी, तो आसपास के दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गयी, जिसमें बाइक की पहचान की गयी. इसके बाद पीड़िता ने वजीरगंज थाने में लिखित आवेदन दिया. विदित हो कि पीड़ित शिक्षिका मेदनी बंगाल की रहनेवाली हैं और वजीरगंज क्षेत्र के ग्रामीण स्कूल में पढ़ाती हैं. इस मामले पर थानाध्यक्ष वेंकटेश्वर ओझा ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
