गया के निजी अस्पताल में भारी हंगामा, मौत के बाद भी मरीज को वेंटिलेटर पर रखने का आरोप, बिल देख भड़के परिजन

शहर के मगध मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित एक निजी हॉस्पिटल में मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ. परिजनों ने आरोप लगाया कि मौत के बाद भी मरीज को वेंटिलेटर पर रखकर लाखों रुपये का बिल बनाया गया.

Gaya News: (गया से रौशन कुमार) शहर के मगध मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित एक निजी हॉस्पिटल में मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ. परिजनों ने आरोप लगाया कि मौत के बाद भी मरीज को वेंटिलेटर पर रखकर लाखों रुपये का बिल बनाया गया. करीब ₹4 लाख का बिल सामने आने के बाद परिजन भड़क उठे और अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.

मरीज की मौत के बाद फूटा गुस्सा

दरअसल, शहर के मगध मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित एक निजी हॉस्पिटल में सोमवार को टिकारी इलाके के रहने वाले मरीज रामाशीष प्रसाद की मौत हो गई. मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया. देखते ही देखते अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया.

मौत के बाद भी वेंटिलेटर पर रखा

परिजनों का आरोप है कि मरीज की मौत पहले ही हो चुकी थी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने उसे वेंटिलेटर पर रखकर इलाज जारी होने का दावा किया. आरोप है कि इसी दौरान अस्पताल द्वारा करीब ₹4 लाख का भारी-भरकम बिल बना दिया गया. बिल देखने के बाद परिजन भड़क उठे और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताने लगे.

सुरक्षा के लिए तैनात किया गया बल

घटना की सूचना मिलते ही मगध मेडिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया. स्थिति बिगड़ते देख अस्पताल परिसर में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई, ताकि विधि-व्यवस्था बनी रहे.

नहीं मिली लिखित शिकायत

मगध मेडिकल थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि मरीज की मौत के बाद बिल भुगतान को लेकर अस्पताल प्रबंधन और परिजनों के बीच विवाद हुआ था. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. उन्होंने कहा कि अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है.

Also Read: रोहतास में संदिग्ध हालत में युवती का मिला शव, इलाके में दहशत का माहौल…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sakshi kumari

साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में अपनी करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >